बाड़मेर | गरल गांव में पिछले लंबे समय से जलापूर्ति ठप होने के कारण पेयजल संकट गहरा गया है। गांव में सरकारी सप्लाई नहीं होने से ग्रामीणों को भीषण गर्मी के बीच बूंद-बूंद पानी के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। हालत यह है कि पशुपालकों और आमजन को महंगे दामों पर निजी टैंकर डलवाने को मजबूर होना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हुआ । - किशन भादू की रिपोर्ट। बाड़मेर| वार्ड नंबर 24, शास्त्री नगर सुनारों के पास से नेशनल हाइवे को जोड़ने वाली सड़क नगर परिषद व बिजली विभाग की अनदेखी का शिकार है। यहां 100 मीटर सड़क पूरी तरह टूटी है, जहां आए दिन पानी जमा रहता है। इसी कॉर्नर पर सड़क के बीचों-बीच विद्युत डीपी लगी है, जिसके जंपर काफी नीचे झूल रहे हैं। जलभराव के कारण राहगीरों को मजबूरन इस डीपी के बिल्कुल पास से गुजरना पड़ता है। - दिनेश विश्नोई की रिपोर्ट बाड़मेर| बीएनसी स​र्किल से अंबेडकर कॉलोनी आदर्श स्टेडियम और नेहरू नगर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण ऋषि गर्गाचार्य मार्ग वर्तमान में क्षतिग्रस्त स्थिति में है। हाइवे के पास ही टूटा हुआ नाला और जगह-जगह से उखड़ी कंकरीट की सड़क राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है। सड़क पर बिखरी रोड़ी, बजरी और मलबे के कारण मार्ग अवरुद्ध हैं। - बजरंग अणखिया की रिपोर्ट।