पाली में हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। इधर, जैसे ही युवक की मां को इसकी जानकारी मिली वे हॉस्पिटल पहुंची। रोते हुए बोलीं- मेरा बेटा कैसा है…एक बार उसे मिलवा दो। हादसा बुधवार शाम ट्रांसपोर्ट नगर थाने का है। मृतक पप्पूराम (25) अपनी पत्नी को लेने जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और उसकी मौत हो गई। गांव से बाइक लेकर निकला था दरअसल, पाली जिले के रोहट क्षेत्र का खांडी गांव पप्पूराम पुत्र उदाराम बुधवार शाम को अपनी पत्नी को अजमेर लेने जा रहा था। गांव से बाइक लेकर रवाना हुआ जिसे पाली के नया गांव में रखकर आगे बस से जाने वाला था। लेकिन नया गांव से कुछ दूरी पर ही हाईवे पर मुकनविहार के सामने अज्ञात वाहन ने पीछे से उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पप्पूराम उछलकर नीचे गिर गया। हादसे में उसका सिर फट गया। ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस उसे तुरंत एम्बुलेंस से बांगड़ हॉस्पिटल ले गई। जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। ऐसे में बॉडी हॉस्पिटल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाई गई। हादसे की जानकारी पर पहुंचे परिजन हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक की मां हनकादेवी, पिता उदाराम अपने पोते-पोतियों और रिश्तेदारों के साथ बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे। बेटे की मौत की खबर से हनकादेवी को अंजान रखा गया। उसे यही कहा गया कि वह घायल है। पैर टूट गए है उसका ऑपरेशन हो रहा है। लेकिन वह बार-बार रोत हुए डॉक्टरों और नर्सिंग स्टॉफ से बेटे से मिलवाने की बात कहती रही। वह बोलीं- हाथ-पैर टूट भी जाएंगे तो मैं मेरे बेटे को पाल लूंगी। मृतक के तीन बच्चे है। एक बेटी और दो बेटे।