इंदौर के पवनपुरी इलाके में सोमवार सुबह अचानक बसों में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई बसें उसकी चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड के मुताबिक घटना तीन इमली के पास नवलखा क्षेत्र की है। यहां बसों की पार्किंग के साथ मरम्मत का काम भी किया जाता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वेल्डिंग के दौरान चिंगारी से आग लगी, जिसने कुछ ही देर में आसपास खड़ी बसों को अपनी चपेट में ले लिया। एक के बाद एक 5 बसें जलीं, सिलेंडर ब्लास्ट से दहशत प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि एक के बाद एक करीब 5 बसें जल गईं। घटना के समय वहां 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं। आग फैलते ही आसपास खड़ी अन्य बसों को तत्काल वहां से हटाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार आग के दौरान 4 से ज्यादा गैस सिलेंडर फटने जैसी आवाजें सुनाई दीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। आसपास बस्ती क्षेत्र होने के कारण लोग घरों से बाहर निकल आए। पार्षद बोले- पहले भी दी थी चेतावनी स्थानीय पार्षद मनीष शर्मा ने बताया कि रिहायशी इलाके में निजी बसों की पार्किंग और मरम्मत को लेकर पहले भी कई बार चेतावनी दी जा चुकी है। इसके बावजूद यहां संचालन जारी है, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा बना रहता है। फायर टीम आग पर काबू पाने में जुटी फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।