भास्कर संवाददाता|श्रीगंगानगर आरयूआईडीपी के एईएन जगनलाल बैरवा ने विधायक जयदीप बिहाणी पर जाति-सूचक अपशब्द बोलकर अपमानित करने और बुरी तरह पिटाई करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनकी ओर से एसडीएम न्यायालय में दिए गए परिवाद पर शुक्रवार शाम जिला अस्पताल में तीन डॉक्टरों के बोर्ड ने मेडिकल जांच की। इधर, शाम को राजस्थान काउंसिल ऑफ डिप्लोमा इंजीनियर्स की ओर से जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव के मार्फत सीएम भजनलाल शर्मा को और एसपी हरी शंकर को अलग-अलग परिवाद देकर विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने और इसकी जांच के लिए स्वतंत्र जांच दल, यानी एसआईटी गठित करने की मांग की। इसके साथ ही विधायक सेवा केंद्र में स्थापित कैमरों के सीसीटीवी फुटेज को डिजिटल साक्ष्य के रूप में सुरक्षित करने और उनकी एफएसएल जांच करवाने की मांग भी की। दूसरी तरफ विधायक जयदीप बिहाणी शुक्रवार शाम को अपने समर्थकों के साथ एसपी से मिले। उन्होंने बाहर आकर मीडिया से कहा कि उन्होंने अपने खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों पर मुकदमा दर्ज कर जांच करने का आग्रह किया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप झूठे और निराधार हैं। पहली तस्वीर में खून से भरी आंख, दूसरी में पीठ पर चोटों के निशान और तीसरी फोटो अंगूठे की है। उस पर काफी चौटें आई है। एईएन बोले- मेरी इतनी हैसियत कैसे हो सकती है कि मैं विधायक बिहाणी को थप्पड़ मार दूं :: जमानत मिलने के बाद सहायक अभियंता जगनलाल बैरवा ने जिला प्रमुख कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि उनकी इतनी हैसियत कैसे हो सकती है कि वे विधायक सेवा केंद्र में विधायक के साथ मारपीट कर सकें। उन्होंने उलटे आरोप लगाए कि विधायक जयदीप बिहाणी ने उन्हें थप्पड़ ही थप्पड़ मारे। इससे उनकी आंख में चोट लगी। आंख लाल हो गई। फिर उन्हें विधायक सेवा केंद्र में ले जाया गया। वहां उन्हें विधायक के समर्थकों ने बुरी तरह पीटा। इससे उनकी कमर में चोटें आईं । कोहनी पर चोट लगी। पैर के अंगूठे पर भी चोट लगी। उन्होंने चोटों के निशान भी दिखाए। कपड़े भी फट गए थे। इधर यूडीएच सचिव रवि जैन रात एक बजे जिला मुख्यालय पहुंच गए। उन्होंने रात को प्रारंभिक तौर पर आरयूआईडीपी के अधिकारियों से शहर में चल रहे प्रोजेक्ट की जानकारी ली। वे शनिवार सुबह कलेक्ट्रेट में आरयूआईडीपी, पीएचईडी, एलएंडटी के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वे शहर में चल रहे कामों का निरीक्षण करेंगे। वे यह जानने का प्रयास करेंगे कि समस्याएं क्या-क्या हैं। यह रिपोर्ट वे जयपुर लौटकर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास को सौंपेंगे। इसके आधार पर इस विवाद में आगे की कार्रवाई होगी। एसडीएम आईएएस नयन गौतम के आदेश पर पीड़ित एईएन बैरवा का जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण करवाया गया। इसमें ज्यूरिस्ट डॉक्टर एस.एम. बत्तरा की अध्यक्षता में एक फिजिशियन और एक आई डॉक्टर की टीम शामिल रही। इधर, जवाहरनगर थानाधिकारी इस प्रकरण में विधायक के दबाव में नजर आए। गुरुवार दोपहर के घटनाक्रम के बाद आरयूआईडीपी के सहायक अभियंता जगनलाल बैरवा, एलएंडटी के मैनेजर शहनवाज हसन तथा इंजीनियर सोहम परमार को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इन तीनों को शुक्रवार सुबह एसडीएम कार्यपालक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। हालांकि, तीनों को हाथों-हाथ जमानत मिल गई। विधायक बोले- मैंने एलएंडटी के काम रुकवाया, इसलिए साजिश के तहत हमला : विधायक जयदीप बिहाणी ने एईएन जगनलाल बैरवा के उन पर लगाए आरोपों पर कहा कि बैरवा काले कोट वालों के जाल में फंस गए हैं। वे काले कोट वालों की रटाई हुई भाषा ही बोल रहे हैं। आरयूआईडीपी और एलएंडटी के चल रहे सारे काम मैंने पहले ही रुकवा दिए हैं। इनके पुराने जितने भी काम बकाया हैं, वे पूरे होंगे। इसके बाद नए काम शुरू करवाए जाएंगे। आरयूआईडीपी और एलएंडटी ने 555 करोड़ के प्रोजेक्ट में मोटा पैसा कमाया है। सीएम को अवगत करवा दिया है। जयपुर से जांच के लिए अधिकारियों की टीम आएगी। जांच होने के बाद इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अगर मैं दोषी हूं तो मेरे खिलाफ कार्रवाई करो।