जयपुर के जगतपुरा रेलवे फाटक पर गुरुवार रात 8:45 बजे ट्रेन की चपेट में आने से उत्तर पश्चिम रेलवे के ऑफिस सुपरिटेंडेंट की मौत हो गई। खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकले थे, इस दौरान अचानक जयपुर जंक्शन की तरफ से दौलतपुर एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। हादसे के बाद जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर एसएमएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया, जहां शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जीआरपी के एएसआई जगदीश ने बताया कि मृतक की पहचान अशोक चौधरी (48) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सीकर जिले के दूजोद गांव के निवासी थे और उत्तर पश्चिम रेलवे में ऑफिस सुपरिटेंडेंट के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में वह अपनी पत्नी के साथ जगतपुरा रेलवे फाटक के सामने स्थित रेलवे क्वार्टर में रह रहे थे। जीआरपी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8:45 बजे खाना खाने के बाद अशोक चौधरी रोज की तरह टहलने निकले थे। इसी दौरान जयपुर जंक्शन की ओर से आ रही दौलतपुर एक्सप्रेस की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय गेट नंबर-15 के पास से गुजर रहे उनके भतीजे अमन ने मौके पर भीड़ देखकर पहचान की और तत्काल परिजनों के साथ एम्बुलेंस को सूचना दी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को एसएमएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। जीआरपी पुलिस ने बताया कि फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे ट्रेन की चपेट में आने का मामला माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच जारी है।