जयपुर में शुक्रवार शाम चले तेज अंधड़ ने दो लोगों की जान ले ली। गांधी नगर और जवाहर सर्किल इलाके में हुए अलग-अलग दो हादसों में दोनों व्यक्तियों की मौत हुई। बिजली पोल तेज अंधड़ के चलते बाइक सवार पर गिरा। वहीं, दूसरी ओर ग्रेनाइट की पट्टी टूटकर बुजुर्ग पर जा गिरी। दोनों ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पहली घटना- बाइक सवार पर गिरा बिजली पोल पहली घटना गांधी नगर के तुलसी मार्ग पर हुई। शाम करीब 6 बजे आंधी के दौरान अचानक बिजली का पोल टूटकर वहां से निकल रहे बाइक सवार के ऊपर आ गिरा। घटना के दौरान मौके से गुजर रही 112 पुलिस वाहन के कर्मियों ने भीड़ देखकर तुरंत स्थिति का जायजा लिया। राहगीरों की मदद से एम्बुलेंस के जरिए उसे SMS हॉस्पिटल भिजवाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रामजीलाल (50) निवासी जवाहर नगर के रूप में हुई । 15 साल पहले हादसे में बेटे की मौत परिजनों के अनुसार, रामजीलाल बिजली के पोल से जुड़े काम करते थे। शुक्रवार शाम को आए तेज अंधड़ के दौरान एक पोल गिर गया। इसकी चपेट में आने से रामजीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। उनके बड़े बेटे योगेंद्र महावर ने बताया कि यह परिवार के लिए दूसरा बड़ा झटका है। पुरानी घटना को याद करते हुए योगेंद्र ने बताया कि 15 साल पहले छोटा भाई जसवंत (3 साल) घर के पास खेल रहा था। तभी एक मकान की दीवार गिर गई और उसकी मौत हो गई थी। 5 बेटियां, 1 की शादी हुई उस हादसे के बाद परिवार कभी पूरी तरह संभल नहीं पाया और अब पिता की मौत ने घाव और गहरा कर दिया। रामजीलाल की पांच बेटियां हैं। इनमें से एक की शादी हो चुकी है। बड़ा बेटा भी शादीशुदा है। दूसरी घटना- ग्रेनाइट की पट्‌टी गिरी दूसरी घटना जवाहर सर्किल इलाके की है। यहां एक निर्माणाधीन मकान में रखी ग्रेनाइट की भारी पट्टी तेज हवा के चलते गिर गई। हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर घायल हो गया। जिसे स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मृतक उसी मकान में काम करने वाला नौकर बताया जा रहा है।