जयपुर एयरपोर्ट पर बुधवार को बॉलीवुड स्टार और शाही परिवार से जुड़ी हस्तियों की रौनक देखने को मिली। एक्टर ईशान खट्टर और दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान अपनी वेब सीरीज ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग के लिए जयपुर पहुंचे हैं। ईशान खट्टर ने ‘खम्मा घणी’ कहकर फैन्स का अभिवादन किया। वहीं, महाभारत में अर्जुन का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले सीनियर एक्टर फिरोज खान और अभिनेत्री अवनीत कौर जयपुर से मुंबई के लिए रवाना हो गई है। उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ को भी एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। वे चार्टर प्लेन से जयपुर पहुंचे और करीब आधा घंटा यहां बिताने के बाद रवाना हो गए। देखिए जयपुर एयरपोर्ट पर बॉलीवुड स्टार्स की PHOTOS ईशान खट्टर ने ‘खम्मा घणी’ कहकर फैन्स का जीता दिल एक्टर ईशान खट्टर इन दिनों अपनी वेब सीरीज ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग जयपुर और आस-पास की लोकेशन पर बिजी है। बुधवार को वे एक बार फिर जयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया और फैन्स को देखकर उन्होंने राजस्थानी अंदाज में ‘खम्मा घणी’ कहकर अभिवादन किया। इस दौरान उन्होंने जयपुर को लेकर अपनी उत्सुकता भी जाहिर की। ईशान की इस प्रतिक्रिया ने एयरपोर्ट पर मौजूद प्रशंसकों का ध्यान खींचा। दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान भी ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग के सिलसिले में जयपुर पहुंचीं। जीनत अमान हिंदी सिनेमा की उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने अलग अंदाज और यादगार भूमिकाओं से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। राजस्थान की ऐतिहासिक इमारतों, राजसी माहौल और हेरिटेज लोकेशन के कारण जयपुर फिल्म और वेब सीरीज की शूटिंग के लिए निर्माताओं की पसंद बना हुआ है। ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग के लिए भी शहर और आस-पास के इलाकों को चुना गया है। इस बार शूटिंग जयपुर के साथ आस-पास की लोकेशंस पर की जा रही है। फिरोज खान और अवनीत कौर मुंबई रवाना जयपुर एयरपोर्ट पर बुधवार को बॉलीवुड के कुछ सितारे शहर से विदा लेते हुए भी नजर आए। टीवी धारावाहिक ‘महाभारत’ में अर्जुन की भूमिका निभाकर लोकप्रिय हुए सीनियर एक्टर फिरोज खान मुंबई के लिए रवाना हुए। उनके इस किरदार ने उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई थी। वे दशहरा उत्सव में शामिल होने के लिए आए थे। वहीं, अभिनेत्री अवनीत कौर भी जयपुर से मुंबई के लिए रवाना हुईं। एयरपोर्ट पर इन दोनों कलाकारों की मौजूदगी ने दिनभर सितारों की आवाजाही को चर्चा में बनाए रखा। चार्टर प्लेन से आए लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, आधे घंटे बाद हुए रवाना जयपुर एयरपोर्ट पर बुधवार को सबसे ज्यादा चर्चा उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ की मौजूदगी को लेकर रही। वे चार्टर प्लेन से जयपुर पहुंचे थे। हालांकि, उनका यहां ठहराव काफी संक्षिप्त रहा। करीब आधे घंटे जयपुर में बिताने के बाद वे एयरपोर्ट से ही अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए। लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ जब जयपुर पहुंचे, तब वे काले रंग की जैकेट पहने हुए थे। वहीं, रवाना होते समय वे सफेद रंग की जैकेट में नजर आए। उनके पहनावे में इस बदलाव ने भी एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।