जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट में देरी और तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। स्पाइसजेट की जयपुर से दुबई जाने वाली फ्लाइट में यात्रियों को करीब 21 घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ रहा है। शुक्रवार शाम रवाना होने वाली फ्लाइट शनिवार तक भी उड़ान नहीं भर सकी। एयरलाइन की ओर से पहले फ्लाइट का समय बदलकर शनिवार सुबह 4 बजकर 55 मिनट किया गया, लेकिन इसके बाद भी उड़ान नहीं हो पाई। यात्रियों को अब तीन बार बदले गए समय के बाद शनिवार शाम 4 बजे तक फ्लाइट के रवाना होने की संभावना बताई जा रही है। इस देरी के चलते एयरपोर्ट पर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबा इंतजार होने से यात्रियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि अगर इतनी देरी से ही दुबई जाना था तो इससे अच्छा एक दिन बाद की टिकट ले लेते। फ्लाइट संख्या SG-5124 शुक्रवार शाम 6 बजकर 55 मिनट पर जयपुर से दुबई के लिए रवाना होनी थी, लेकिन तय समय पर उड़ान नहीं भर सकी। तीन बार बदला शेड्यूल दरअसल, स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या SG-5124 का शुक्रवार शाम 6 बजकर 55 मिनट पर जयपुर से दुबई के लिए उड़ान निर्धारित थी। लेकिन किसी कारण से फ्लाइट को रीशेड्यूल कर शनिवार सुबह 4 बजकर 55 मिनट पर रवाना करने की जानकारी दी गई। यात्री रातभर उड़ान का इंतजार करते रहे, लेकिन सुबह भी विमान रवाना नहीं हो सका। इसके बाद एयरलाइन की ओर से फ्लाइट के समय में फिर बदलाव किया गया। अब तक तीन बार समय बदला जा चुका है। यात्रियों को शनिवार शाम 4 बजे तक फ्लाइट के रवाना होने की संभावना बताई जा रही है। ऐसे में यात्रियों का इंतजार 21 घंटे से अधिक हो गया है। हालांकि, उड़ान के वास्तविक प्रस्थान को लेकर यात्रियों को इंतजार करना पड़ रहा है। दो दिन बाद भी ठीक नहीं हुई विमान की खराबी वहीं, जयपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो का एक विमान पिछले दो दिनों से ग्राउंडेड है। विमान में 29 अक्टूबर को तकनीकी खराबी सामने आई थी। यह विमान जयपुर से हैदराबाद जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-816 के रूप में रवाना होने वाला था। उड़ान से पहले बोर्डिंग के दौरान विमान में तकनीकी समस्या सामने आने के बाद फ्लाइट को रद्द करना पड़ा था। इसके बाद से विमान को जयपुर एयरपोर्ट पर ही खड़ा रखा गया है। पिछले दो दिनों में भी तकनीकी खराबी को ठीक नहीं किया जा सका है। ऐसे में विमान अभी तक परिचालन में शामिल नहीं हो पाया है। एक ही समय में अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में लंबी देरी और दूसरे विमान के तकनीकी खराबी के चलते ग्राउंडेड रहने से जयपुर एयरपोर्ट पर एयरलाइन संचालन से जुड़ी चुनौतियां सामने आई हैं। स्पाइसजेट के यात्रियों को जहां दुबई जाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं इंडिगो का विमान भी तकनीकी जांच और मरम्मत के चलते एयरपोर्ट पर खड़ा है।