बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल गुरुवार को जयपुर एयरपोर्ट पर नजर आए। पिछले कई दिनों से जयपुर में वेब सीरीज ‘आश्रम 4’ की शूटिंग कर रहे बॉबी ने अपने व्यस्त शेड्यूल से एक दिन का ब्रेक लिया है। वे प्राइवेट चार्टर से कोच्चि के लिए रवाना हुए है। जानकारी के मुताबिक, कोच्चि में कल्याण ज्वैलर्स के एक शूट के लिए उनका कार्यक्रम तय किया गया था। शूट पूरा करने के बाद उनके वापस जयपुर लौटकर सीरीज की शूटिंग से जुड़ने की जानकारी है। इस बीच जयपुर और आसपास की लोकेशन पर प्रकाश झा के निर्देशन में बन रही सीरीज की शूटिंग जारी है। बाबा निराला के किरदार में फिर नजर आएंगे बॉबी ‘आश्रम’ वेब सीरीज में बॉबी देओल ने बाबा निराला का किरदार निभाया है, जिसने उन्हें दर्शकों के बीच एक अलग पहचान दिलाई। सीरीज के चौथे सीजन में भी वह इसी किरदार में नजर आएंगे। पिछले एक महीने से ज्यादा समय से जयपुर और आसपास के इलाकों में इसकी शूटिंग चल रही है। इस दौरान शहर के बाहरी क्षेत्रों और अलग-अलग लोकेशन पर सीन को फिल्माया जा रहा है। जयपुर एयरपोर्ट पर गुरुवार को अभिनेत्री व गायिका ईला अरुण भी नजर आईं। आश्रम वेब सीरीज के निर्देशक प्रकाश झा इस बार कहानी को नए घटनाक्रम और परिस्थितियों के साथ आगे बढ़ाने की तैयारी में हैं। हालांकि, सीरीज की कहानी और किरदारों से जुड़े कई पहलुओं को फिलहाल सीक्रेट रखा जा रहा है। शूटिंग से जुड़े लोगों के बीच सीरीज के अगले सीजन को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। शूटिंग के दौरान सामने आया था बाबा निराला का लुक जयपुर में शूटिंग के दौरान पिछले दिनों बॉबी देओल का बाबा निराला वाला लुक भी सामने आया था। उनके इस लुक के सामने आने के बाद सीरीज की शूटिंग को लेकर चर्चा तेज हो गई। बॉबी एक बार फिर अपने चर्चित किरदार के अंदाज में शूटिंग करते नजर आ रहे हैं। सीरीज के पिछले सीजनों में बाबा निराला के किरदार के साथ जुड़े घटनाक्रम ने कहानी को खास पहचान दी थी। अब नए सीजन में कहानी किस मोड़ पर पहुंचेगी, इसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता है। बॉबी के बॉडी डबल की भी ली जा रही मदद शूटिंग के दौरान बॉबी देओल के बॉडी डबल को भी शामिल किया गया है। जानकारी के अनुसार, बाहरी लोकेशन पर फिल्माए जाने वाले कुछ दृश्यों और रिहर्सल के लिए बॉडी डबल की मदद ली जा रही है। बड़े प्रोडक्शन में इस तरह की व्यवस्था शेड्यूल को व्यवस्थित रखने और अलग-अलग दृश्यों की तैयारी में सहायक होती है। जयपुर के आसपास चल रही शूटिंग में भी इसका इस्तेमाल किया जा रहा है। एयरपोर्ट पर ईला अरुण ने किया ‘खम्मा घणी’ से अभिवादन गुरुवार को जयपुर एयरपोर्ट पर अभिनेत्री और लोक गायिका ईला अरुण भी नजर आईं। जयपुर से ताल्लुक रखने वाली ईला अरुण एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए यहां पहुंची थीं। एयरपोर्ट पर मौजूद प्रशंसकों से उन्होंने राजस्थानी अंदाज में ‘खम्मा घणी’ कहकर अभिवादन किया। लोक संगीत और अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान रखने वाली ईला अरुण का यह अंदाज वहां मौजूद लोगों को पसंद आया।