भक्ति और आध्यात्म का अनूठा संगम एक बार फिर शहरवासियों को मंत्रमुग्ध करने जा रहा है। भजन सम्राट अनूप जलोटा की मधुर स्वर लहरियां 17 अप्रैल को जयपुर में गूंजेंगी, जहां गुप्त वृन्दावन धाम द्वारा भक्तों के लिए भव्य भजन संध्या का महा आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन दीप स्मृति ऑडिटोरियम, मानसरोवर में 17 अप्रैल को शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित होगा। गुप्त वृंदावन धाम राजस्थान के प्रमुख आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों में शुमार है। कार्यक्रम में Anup Jalota अपने सुप्रसिद्ध और मनमोहक भजनों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के नाम का गुणगान करेंगे। ऐसी लागी लगन, अच्युतम केशवम और जग में सुंदर हैं दो नाम जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति से पूरा सभागार भक्ति रस में डूबने की उम्मीद है। उनकी मधुर आवाज और आध्यात्मिक माहौल में उपस्थित हजारों श्रद्धालु एक अद्भुत दिव्य अनुभूति का अनुभव करेंगे। मंदिर प्रबंधन ने जयपुरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस भजन संध्या का हिस्सा बनें और भक्ति संगीत के माध्यम से आध्यात्मिक शांति का अनुभव करें। गुप्त वृन्दावन धाम को राजस्थान के सबसे बड़े मंदिर एवं सांस्कृतिक केंद्रों में माना जाता है, जहां समय-समय पर बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन होते रहते हैं।