जयपुर में दो भाइयों के बीच झगड़े में लाठी-डंडे चलने का मामला सामने आया है। छत पर रुम बनाने की बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ने पर एक-दूसरे से मारपीट भी की गई। भट्टाबस्ती थाना पुलिस ने झगड़े में घायल छह जनों का प्राथमिक उपचार करवाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से दी शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। हेड कॉन्स्टेबल हरनाथ ने बताया- भट्टाबस्ती के संजय नगर निवासी समीना (42) ने FIR दर्ज करवाई है। बुधवार रात करीब 11 बजे घर की छत पर रुम बनाने को लेकर परिवारिक मीटिंग रखी गई थी। सास के सहमत होने पर जेठ शब्बीर ने विरोध किया। आरोप है कहासुनी होने पर विवाद बढ़ने पर जेठ शब्बीर ने अपने बेटों के साथ मिलकर मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने के साथ दोनों पक्षों में मारपीट होने के बाद मामला शांत हो गया। जाते समय जेठ शब्बीर की ओर से परिवार को खत्म करने की धमकी देकर गया। हसनपुरा से बुलाए रिश्तेदारों ने किया हमला रात करीब 12:30 बजे झगड़ा दोबारा शुरू हो गया। आरोप है कि जेठ शब्बीर की ओर से हसनपुरा में रहने वाले रिश्तेदार-परिचितों को हमला करने के लिए बुलाया गया। घर में मौजूद परिवार पर हसनपुरा से आए बदमाशों ने हमला किया। लाठी-डंडे से हमला कर उनके परिवार के छह जनों को घायल कर दिया। बीच-बचाव के दौरान आस-पड़ोसियों के आने पर हमलावर फरार हो गए। भट्टाबस्ती थाना पुलिस ने घायल छहों जनों का प्राथमिक उपचार करवाया। पुलिस को दी शिकायत पर FIR दर्ज की गई। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से पुलिस को परिवाद दर्ज करवाया गया है।