जयपुर में आंधी-तूफान के दौरान बिजली तार टूटने से बाइक सवार की जिंदा जलने से शनिवार रात मौत हो गई थी। गुस्साए परिजनों ने SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग करते हुए परिजनों ने जयसिंहपुरा खोर थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने समझाइश के बाद रविवार दोपहर पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। SHO (जयसिंहपुरा खोर) मुकेश मीना ने बताया- हादसे में खोह नागोरियान के रहने वाले यूनुस की मौत हो गई थी। वह शनिवार रात करीब 8:30 बजे जयसिंहपुरा खोर में रहने वाले परिचित से मिलने जा रहा था। इसी दौरान आई आंधी-तूफान के कारण हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर रोड पर गिर गया। इसकी चपेट में आने से बाइक सहित यूनुस जमीन पर गिर गया। देखते ही देखते बाइक में आग लगने के साथ यूनुस भी करंट की चपेट में आते हुए जलने लगा। पुलिस ने जैसे-तैसे बिजली लाइन बंद करवाकर यूनुस को हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टर्स ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। लापरवाही के चलते हुई मौत मृतक के पोस्टमार्टम के लिए रविवार दोपहर परिजन SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी पहुंचे। परिजनों ने मॉर्च्युरी के बाहर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। खराब और ढीले बिजली तारों की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। हादसा होने पर लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन किया, लेकिन लाइट बंद नहीं की गई। इसकी वजह से यूनुस की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि जिम्मेदारों पर पुलिस की ओर से कार्रवाई की जाए। साथ ही आर्थिक सहायता दी जाए। पुलिस ने समझाइश कर मामले को शांत कराया। पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की ओर से परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।