यमुना जल परियोजना के नए एमओए (MoA) को लेकर जयपुर में मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया गया। आभार जताने के लिए झुंझुनूं के भाजपा नेता-कार्यकर्ता भी पहुंचे थे। मंच से भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरि सीएम का आभार जताने वाले नेताओं के नाम ले रही थी। इस दौरान उन्होंने नवलगढ़ से भाजपा विधायक विक्रम सिंह जाखल का नाम नहीं लिया। इस पर जाखल के समर्थक बिफर गए। विधायक के समर्थकों ने कार्यक्रम स्थल पर ही विरोध जताना शुरू कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि विक्रम जाखल ने भी मंच पर जाने से इनकार कर दिया। इससे आयोजन स्थल पर असहजता स्थिति पैदा हो गई। ​यह था पूरा घटनाक्रम ​यमुना जल परियोजना के एमओए के बाद मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करने के लिए झुंझुनूं भाजपा के नेता-कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जयपुर पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान मंच का संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरि कर रही थीं। संबोधन के लिए मंच से सूची के अनुसार अन्य नेताओं के नाम पुकारे गए लेकिन नवलगढ़ विधायक विक्रम सिंह जाखल का नाम नहीं लिया गया। इस बात से विधायक के साथ पहुंचे सैकड़ों समर्थक आक्रोशित हो गए। समर्थकों का आरोप था कि जिन नेताओं का कद या कार्यक्रम में योगदान विधायक से कम है, उनके नाम सूची में ऊपर थे, लेकिन क्षेत्र के विधायक को नजरअंदाज किया गया। देखते ही देखते समर्थकों ने विरोध दर्ज कराना शुरू कर दिया और कुछ समर्थक कार्यक्रम स्थल से बाहर भी आ गए। विधायक ने भी जताई नाराजगी, मंच पर जाने से किया इनकार ​ सूची में नाम न होने से आहत विधायक विक्रम सिंह जाखल ने खुद भी इस घटनाक्रम पर नाराजगी व्यक्त की। कार्यकर्ताओं की नाराजगी को देखते हुए विधायक ने मंच पर जाने से स्पष्ट इनकार कर दिया और कुछ देर तक अपने समर्थकों के बीच ही कार्यक्रम स्थल पर खड़े रहे। उनके इस कदम ने समर्थकों के गुस्से को और अधिक हवा दे दी। ​हालांकि, बाद में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने स्थिति को संभाला और विधायक विक्रम सिंह जाखल से समझाइश की। वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और स्थिति सामान्य हो पाई। ​यह खबर भी पढ़ें सीएम बोले- राजस्थान को उसके हक का पूरा पानी मिलेगा:विपक्ष पहले 1994 के समझौते को पढ़ लें, हम पानी-बिजली में सरप्लस होंगे शेखावाटी के तीन जिलों (सीकर, चूरू और झुंझुनूं) तक यमुना का पानी लाने को लेकर 29 जून को केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय, राजस्थान और हरियाणा सरकार के बीच मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट (MOA) हुआ। (पढ़ें पूरी खबर)