उदयपुर के ओस्तवाल नगर में फाइनेंसर की पीट-पीटकर हत्या के मामले में दूसरे दिन भी यूडीए की कार्रवाई जारी रही। ड्रिल और कटर मशीन की मदद से आरोपी वकील प्रवीण सिंह राव के मकान की अवैध तीसरी मंजिल (थर्ड फ्लोर) को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। इसके साथ ही करीब 3 से 4 फीट अवैध सेटबैक निर्माण को भी गिराया गया। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा और यूडीए के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। इधर, गुरुवार को MB अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद उनके पैतृक गांव खेरोदा में अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, पुलिस ने आरोपियों को हिरासत (डिटेन) में ले लिया है लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं की गई। मामले में जांच कर रही डीएसपी छवि शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपी फिलहाल पुलिस निगरानी में हैं। उनसे सभी पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टर बोले-आरोपी ने मेरे प्लॉट पर भी किया कब्जे का प्रयास एमबी हॉस्पिटल के डॉक्टर आर.एल. मीणा ने सागरमल हत्याकांड के मुख्य आरोपी प्रवीण सिंह राव पर मेरे प्लॉट पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। डॉक्टर मीणा ने बताया कि आरोपी प्रवीण सिंह ने वकील होने का फायदा उठाकर सुखेर थाना पुलिस को अपने साथ मिला लिया और उन्हें डराया-धमकाया। डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि वह प्लॉट उनका है और उन्होंने इसे खरीदा था, हालांकि अभी उसका नामांतरण (म्यूटेशन) होना बाकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुखेर थाना पुलिस ने इस मामले में उनकी एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की, जिसके कारण उन्हें मजबूर होकर कोर्ट की शरण लेनी पड़ी।
सेटबैक को लेकर चल रहा था पुराना विवाद यह पूरी घटना शहर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र के ओस्तवाल नगर में 28 जुलाई की शाम को हुई थी। फाइनेंसर सागरमल मेहता (68) के घर के ठीक पीछे आरोपी प्रवीण सिंह आसोलिया का मकान है। दोनों के बीच मकान का सेटबैक छोड़ने की बात को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर मंगलवार को दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ, जिसके बाद प्रवीण सिंह आसोलिया, उसके चचेरे भाई अनुराग सहित तीन लोगों ने पड़ोसी सागरमल और उनके बेटे राहुल मेहता पर हमला कर दिया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। मोर्चरी के बाहर हुआ था प्रदर्शन मारपीट में गंभीर चोटें आने के कारण सागरमल की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे राहुल मेहता को भी चोटें आईं। इस वारदात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसमें आरोपी बाप-बेटे को बेरहमी से पीटते हुए साफ नजर आ रहे हैं। हत्याकांड के विरोध में बुधवार को एमबी अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों और स्थानीय लोगों ने भारी प्रदर्शन कर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। ---------- यह खबरें पढ़िए… उदयपुर में पीट-पीटकर फाइनेंसर की हत्या, VIDEO:सेटबैक छोड़ने के विवाद में पड़ोसी ने लात-घूंसों से मारा; UDA ने आरोपी का अवैध निर्माण तोड़ा उदयपुर में मकान के सेटबैक छोड़ने की बात को लेकर 3 युवकों ने पड़ोसी बुजुर्ग की लात-घूंसों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। दिनभर चले हंगामे के बाद उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) ने आरोपियों के अवैध निर्माण को तोड़ दिया। पढ़ें पूरी खबर