जयपुर में एक कार गैराज पर 10-15 बदमाशों के हमला करने का मामला सामने आया है। कार गैराज पर काम कर रहे मालिक पिता-बेटों को हमलावरों ने लाठी-डंडों से जमकर पीटा। भागते समय धमकाया- अब तो तुम बच गए, हम फिर आएंगे। तुम्हारा काम तमाम करके ही रहेंगे, तु हमें जानता नहीं है। विद्याधर नगर थाना पुलिस गैराज पर लगे CCTV फुटेज में कैद हुए हमलावरों की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया- विद्याधर नगर के नया खेड़ा निवासी दीपक सैनी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। विद्याधर नगर में मालरोड पर उनकी सैनी कार एसी के नाम से शॉप है। सुबह करीब 10:15 बजे गैराज पर खड़ी एक कार ठीक कर वह बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान रोड पर ओवर स्पीड में आ रही कार से टच हो गई। कार में सवार युवक ने नीचे उतरकर देखा तो बम्पर डैमेज था। वे गाली-गलौच करने लगा। विरोध करने पर कहासुनी होने पर वह कार लेकर चला गया। तस्वीरों में देखें पूरा घटनाक्रम… अचानक हमला कर की मारपीट कुछ ही देर बाद उसने अपने 10-15 साथियों को बुला लिया। मैं गैराज पर खड़ी एक कार को बेटे राहुल व मनीष के साथ ठीक कर रहा था। बदमाश गैराज से कुछ दूरी पर अपनी कार व बाइक खड़ी कर पैदल आए। अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दीपक व उनके दोनों बेटे राहुल व मनीष को लाठी-डंडों से जमकर पीटा। हंगामा सुनकर आस-पड़ोसियों के बचाव के लिए आने पर हमलावर वहां से भाग निकले। भागते समय धमकी दी कि अब तो तुम बच गए, हम फिर आएंगे। तुम्हारा काम तमाम करके ही रहेंगे। तु हमें जानता नहीं है, हमारी पहुंच बहुत है। गैराज पर लगे CCTV में हमलवारों की करतूत कैद हो गई। विद्याधर नगर थाने में फुटेज व कार नंबर के आधार पर पीड़ित की ओर से शिकायत दी गई। एएसआई देवीलाल का कहना है कि पुलिस की ओर से घायल तीनों लोगों का मेडिकल कराया गया है l फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।