जयपुर में मंगलवार को फिल्म और टीवी जगत से जुड़े कई सेलेब्रिटीज अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए। कार्यक्रम और शूटिंग के सिलसिले में शहर पहुंचे इन सितारों ने लोगों के साथ संवाद भी किया। मशहूर अभिनेता शरद कैलकर सोमवार देर रात जयपुर पहुंचे। अपनी दमदार आवाज और अभिनय के लिए पहचान रखने वाले शरद केलकर फिल्म ‘बाहुबली’ में अपने वॉयसओवर के कारण देशभर में चर्चा में आए थे। जानकारी के अनुसार वे जयपुर में एक शूटिंग प्रोजेक्ट के सिलसिले में आए हैं। इसके अलावा अभिनेता विक्रांत मैसी, टीवी शो ‘बालिका वधू’ फेम अभिनेत्री नेहा वर्धा और फिल्म अभिनेत्री नीलम भी जयपुर में नजर आईं। अभिनेत्री नीलम ने एक कार्यक्रम में महिलाओं से रूबरू होकर फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं की स्थिति और उनके सामने आने वाली चुनौतियों पर खुलकर चर्चा की। बालिका वधू फेम नेहा हुईं कार्यक्रम में शामिल टीवी शो ‘बालिका वधू’ से लोकप्रियता हासिल करने वाली अभिनेत्री नेहा वर्धा भी कार्यक्रम में शामिल होने जयपुर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ संवाद कर करियर के अनुभव साझा किए और उन्हें प्रेरित किया। कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को अवॉर्ड देकर सम्मानित भी किया। टॉक शो में शामिल हुए विक्रांत मैसी फिल्म ‘12th Fail’ के अभिनेता विक्रांत मैसी भी जयपुर में एक इवेंट में शामिल हुए। उन्होंने टॉक शो के दौरान अपनी फिल्मी यात्रा और संघर्षों को साझा किया। कार्यक्रम के बाद वे मुंबई के लिए रवाना हो गए। हाल ही जयपुर की JECRC यूनिवर्सिटी ने उन्हें अपना ब्रांड फेस बनाया है। साथ ही उन्हें हाल ही शाहरुख खान के साथ नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने की भी चर्चा रही।