जयपुर की सेंट्रल जेल में हनुमान चालीसा पढ़ने को लेकर विचाराधीन बंदियों में मारपीट हो गई। जिससे एक बंदी घायल हो गया। आरोप है कि हनुमान चालीसा पाठ कर रहे बंदी पर दूसरे बंदी ने नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घायल बंदी का तुरंत इलाज कराया। लालकोठी थाना पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरूआती जांच के अनुसार, हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे एक बंदी को दूसरे बंदी ने टोका, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट हो गई। लालकोठी थानाधिकारी श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और कथित हमले में इस्तेमाल की गई नुकीली वस्तु जेल परिसर में कैसे पहुंची। साथ ही घटना के समय मौजूद अन्य बंदियों और जेल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।