जयपुर सेंट्रल जेल से सोशल मीडिया पर एक कथित फोटो से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। फोटो में नजर आ रहा युवक हत्या के मामले में जयपुर सेंट्रल जेल में बंद था। दावा किया जा रहा है कि यह तस्वीर सेंट्रल जेल के अंदर की है, जिससे जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि प्रशासन ने अभी तक फोटो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जेल प्रशासन ने लालकोठी थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस अब फोटो की सत्यता, लोकेशन और अपलोड करने वाले व्यक्ति की तकनीकी जांच में जुट गई है। फोटो में दिखाई दे रहा युवक हत्या मामले में था बंद जानकारी अनुसार फोटो में दिखाई दे रहा युवक हसनपुरा निवासी मो. समीर बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक समीर 2021 से 2025 तक हत्या के मामले में जयपुर सेंट्रल जेल में बंद रहा था। इसके बाद जून 2025 में आर्म्स एक्ट के एक मामले में भी उसकी गिरफ्तारी हुई थी और वह 3 जुलाई 2025 तक जेल में रहा। फिलहाल समीर जेल में बंद नहीं है। बताया जा रहा है कि हाल में समीर ने सोशल मीडिया पर कुछ फोटो अपलोड किए, जिनमें दावा किया गया कि ये जयपुर सेंट्रल जेल के हैं। इसके बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। जयपुर में पहले भी जेल से कैदियों के वीडियो और रील वायरल होने के मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें सुरक्षा चूक पर गंभीर बहस हुई थी। साइबर और तकनीकी टीम करेंगी जांच जेल प्रशासन का कहना है कि फोटो की लोकेशन स्पष्ट नहीं है, इसलिए बिना जांच किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस की साइबर और तकनीकी टीम को जांच सौंपी गई है, जिसके बाद ही यह साफ हो पाएगा कि तस्वीर वास्तव में जेल परिसर की है या नहीं। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या जयपुर सेंट्रल जेल की सुरक्षा फिर से सवालों के घेरे में है, या यह सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल किया गया भ्रामक दावा है?