जयपुर में बाइक सवार बदमाशों ने लगातार चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देकर लोगों में दहशत का माहौल बना दिया है। बुधवार को शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन बड़ी वारदातें सामने आईं, जबकि इससे एक दिन पहले वैशाली नगर में भी इसी तरह की घटना हुई थी। वारदात का सीसीटीवी भी सामने आया है जिसमें आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक पर फरार होते नजर आ रहे है। लगातार बढ़ती घटनाओं ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस ने औपचारिकता निभाने के लिए पीएचक्यू के आदेशों की पालना में 70 पॉइंट्स पर 3 घंटे नाकाबंदी की। पीक टाइम में चेकिंग के चक्कर में शरर की रफ्तार भी धीमी हो गई। पहली वारदात – बजाज नगर थाना क्षेत्र दोपहर के समय महेश नगर फाटक के पास खड़ी वृद्ध महिला ब्रह्मा शर्मा को बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। ब्रह्मा शर्मा इमली वाला फाटक, ज्योति नगर की निवासी हैं और एक स्थानीय स्कूल में शिक्षिका हैं। बदमाश मोटरसाइकिल पर आए और उनके गले से सोने की चेन तोड़कर फरार हो गए। दूसरी वारदात – जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र मालवीय नगर के सेक्टर-10 में रेलवे लाइन के पास राजेश जैन अपनी स्टेशनरी दुकान पर कार से उतरे ही थे कि जीटी पुलिया की तरफ से आए बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से चेन झपट ली। वारदात के बाद आरोपी तेजी से मौके से भाग निकले। तीसरी वारदात – शिप्रा पथ थाना क्षेत्र शाम के समय पटेल मार्ग पर ऑटो का इंतजार कर रही नेहा जैन को दो बदमाशों ने निशाना बनाया। सफेद बाइक पर आए दोनों बदमाशों ने उनके गले से चेन तोड़ी और पलक झपकते ही फरार हो गए। उस समय नेहा अपनी सहयोगी के साथ खड़ी थीं। जिस सफेद अपाचे बाइक (RJ 05- TS- 1836) से चेन स्नैचिंग की वारदात हुई, वह भरतपुर के उत्तम सिंह नाम रजिस्टर्ड है। पुलिस की सूचना पर उत्तम सिंह अपनी बाइक लेकर भरतपुर सेवर थाना पहुंचे और बाइक का फीजिकल वैरिफिकेशन करवाया। बदमाशों ने नकली नम्बर प्लेट लगाकार वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार को भी हुई थी वारदात इससे पहले मंगलवार सुबह वैशाली नगर के क्विंस रोड पर निर्माण नगर निवासी आस्था त्रिपाठी जिम जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से चेन तोड़ ली और फरार हो गए। लगातार हो रही इन घटनाओं से शहरवासियों में डर का माहौल है। खासकर महिलाएं और बुजुर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, लेकिन एक के बाद एक हो रही वारदातों ने पुलिस के सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है।