जयपुर के सिरसी रोड स्थित कुंडा की ढाणी इलाके में शनिवार सुबह एक कोकोपिट (नारियल के छिलके) गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 9:30 बजे गोदाम से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाकर दूसरें लोगों को सतर्क किया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। कोकोपिट के अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। घटना की सूचना मिलते ही झोटवाड़ा और बिंदायका फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद 2 घंटे में आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि गोदाम में रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचा है।