जयपुर में क्रिप्टो करेंसी के नाम पर डकैती मामले का पुलिस ने आज दोपहर खुलासा किया है। पुलिस ने 6 बदमाशों को अरेस्ट किया है। बदमाश क्रिप्टो करेंसी डील के नाम पर 8.37 लाख रुपए छीनकर भागे थे। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि मामले में आरोपी भवानी सिंह तंवर (24) निवासी रघुनाथपुरी झोटवाड़ा हाल महालक्ष्मी विहार कॉलोनी मांचवा कालवाड़, अयान अली (25) निवासी उदय नगर झोटवाड़ा, योगेश कुमार उर्फ योगी (24) निवासी नया खेडा शास्त्री नगर, राहुल सिंह रावत (24) निवासी नया खेडा शास्त्री नगर, घनश्याम सिंह उर्फ मोंटी (23) निवासी नया खेडा विद्याधर नगर और यशवर्धन गुर्जर उर्फ यशु (22) निवासी गुर्जर कॉलोनी झोटवाड़ा को अरेस्ट किया गया है। बदमाशों का पीछा कर पकड़ा चित्रकूट थाना पुलिस ने CCTV फुटेज और रूट चार्ट बनाकर पीछा कर सभी बदमाशों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बोलेरो गाड़ी भी बरामद की गई है। आरोपियों ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए क्रिप्टो करेंसी के नाम पर लोगों को फंसाकर लूट करना कबूल किया है। लूट कर भाग निकले बदमाश चित्रकूट थाने में 24 अप्रैल को रवि मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया था कि उसके परिचित के जरिए सस्ते दाम में क्रिप्टो करेंसी डील के लिए कॉन्टैक्ट करवाया गया था। सस्ते दाम में क्रिप्टो करेंसी (USTC) की डील के बहाने बदमाशों ने उसे बुलाया था। प्लानिंग के तहत दो बदमाश पहले क्रिप्टो करेंसी की डील के बहाने उससे मिले। कैश साथ लेकर आने का पता चलने पर प्लानिंग के तहत अपने साथियों को बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। बिना क्रिप्टो करेंसी दिए ही 8.37 लाख रुपए छीनकर बदमाश फरार हो गए थे।