जयपुर में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से रुपए निकालने वाले एक शातिर साइबर ठग को महेश नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने करीब एक दर्जन साइबर ठगी की वारदातों का खुलासा किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 24 एटीएम/डेबिट कार्ड, वारदात में यूज की गई बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपी सोडाला और शिप्रापथ थाना क्षेत्रों में दर्ज साइबर ठगी के मामलों में भी वांछित चल रहा था। साइबर अपराधों की रोकथाम और तुरंत कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान "म्यूल हंटर" के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी कैलाश उर्फ देव गुर्जर (30) निवासी बैराड़ा खुर्द, थाना बाटोदा, जिला सवाई माधोपुर है। ग्राहक का एटीएम पिन देख लेता था आरोपी डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले ग्राहक का एटीएम पिन देख लेता था, फिर मशीन खराब या हैंग होने का बहाना बनाकर उनका ध्यान भटकाता और मौका मिलते ही एटीएम कार्ड बदल देता था। बाद में बदले हुए कार्ड से दूसरे एटीएम पर जाकर खाते से नकदी निकालकर ठगी की वारदात को अंजाम देता था। पूछताछ में कबूली कई वारदातें पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जयपुर शहर में करीब एक दर्जन एटीएम कार्ड बदलकर ठगी की वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने अन्य जिलों में भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है। उससे गहन पूछताछ की जा रही है। आरोपी के खिलाफ तीन थानों में दर्ज हैं मामले महेश नगर पुलिस ने आरोपी को थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने के मामले में गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ महेश नगर, सोडाला और शिप्रापथ थानों में भी साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं। इन मामलों की जांच जारी है। पहले से है लंबा आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जयपुर के गांधीनगर, सांगानेर, जवाहर सर्किल, ट्रांसपोर्ट नगर, प्रतापनगर समेत विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, चोरी और साइबर अपराधों के 10 से ज्यादा मामले पहले से दर्ज हैं। नए मामलों के बाद उसके खिलाफ दर्ज प्रकरणों की संख्या और बढ़ गई है। पुलिस अब आरोपी से उसके अन्य साथियों, वारदातों के नेटवर्क और ठगी की रकम के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही बरामद एटीएम कार्डों के आधार पर संभावित पीड़ितों की भी पहचान की जा रही है।