जयपुर डिस्कॉम के बिजली उपभोक्ताओं को अब नया कनेक्शन, बिजली लोड बढ़ाने और कनेक्शन डिस्कनेक्ट करने के लिए बिजली दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे। डिस्कॉम ने इन सुविधओं को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए नया स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) लागू किया है। इसके तहत अब बिजली का नया कनेक्शन, बिजली लोड बढ़ाने और कनेक्शन डिस्कनेक्ट करने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। सभी आवेदन निगम के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किए जाएंगे और हर स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। नई व्यवस्था का उद्देश्य उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना, फाइलों में होने वाली देरी खत्म करना और तय समय में सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए आवेदन से लेकर स्वीकृति और कार्य पूरा होने तक की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से मॉनिटर की जाएगी। ऑनलाइन मिलेगी ये सुविधाएं नई SOP के तहत उपभोक्ता अब ऑनलाइन माध्यम से नया बिजली कनेक्शन लेने, मौजूदा कनेक्शन का लोड बढ़ाने और आवश्यकता होने पर कनेक्शन डिस्कनेक्ट कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन ट्रैक की जा सकेगी, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी। आवेदन के बाद ऐसे होगी कार्रवाई ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित अधिकारी दस्तावेजों की जांच करेंगे। आवश्यकता होने पर मौके का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण में बिजली लाइन, ट्रांसफार्मर की उपलब्ध क्षमता और तकनीकी मानकों की जांच होगी। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ऑनलाइन स्वीकृति जारी की जाएगी और निर्धारित समय में कार्य पूरा कराया जाएगा। हर अधिकारी की तय होगी जिम्मेदारी SOP में सहायक अभियंता (AEN), कनिष्ठ अभियंता (JEN), कार्यालय स्टाफ और तकनीकी कर्मचारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट की गई हैं। किस अधिकारी को आवेदन जांचना है, किसे निरीक्षण करना है और किसे अंतिम स्वीकृति देनी है, इसकी पूरी कार्यप्रणाली निर्धारित कर दी गई है। इससे किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी होने पर जवाबदेही तय की जा सकेगी। इन बातों पर रहेगा विशेष फोकस सभी आवेदन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। डॉक्यूमेंट्स का डिजिटल सत्यापन किया जाएगा। जरूरत होने पर साइट निरीक्षण अनिवार्य होगा। निर्धारित समय सीमा में आवेदन का निस्तारण किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड ऑनलाइन सुरक्षित रहेगा। उपभोक्ता आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देख सकेंगे। शिकायतों के निस्तारण पर भी जोर नई व्यवस्था में केवल आवेदन प्रक्रिया ही नहीं, बल्कि शिकायतों के समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जाए और सभी रिकॉर्ड ऑनलाइन अपडेट किए जाएं। उपभोक्ताओं को क्या होगा फायदा नई SOP लागू होने से नए कनेक्शन और लोड बढ़ाने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान और पारदर्शी होगी। उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा, आवेदन की स्थिति ऑनलाइन पता चल सकेगी और तय समय में सेवाएं मिलने से अनावश्यक देरी और शिकायतों में कमी आने की उम्मीद है।