जयपुर के निविक हॉस्पिटल के निदेशक की गिरफ्तारी के विरोध में चिकित्सा जगत उतर गया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (राजस्थान) ने 14 अप्रैल को सुबह 8 से 15 अप्रेल की सुबह 8 बजे तक निजी अस्पतालों में ओपीडी, आईपीडी सेवाएं बंद रखने का आह्वान किया है। एसोसिएशन के जोनल सचिव डॉ. अनुराग शर्मा ने बताया- डॉ. सोनदेव बंसल की हुई गिरफ्तारी से राज्य के सभी डॉक्टरों में रोष है। उन्होंने बताया- जिस प्रकरण में उन्हें गिरफ्तार किया है, उसके लिए पहले बने मेडिकल बोर्ड ने किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही सामने नहीं आई है। इसके बावजूद आरजीएचएस (RGHS) से संबंधित कथित लघु अनियमितताओं के आधार पर एक डॉक्टर के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई कर गिरफ्तारी करना अनुचित है। इस मुद्दे पर आईएमए राजस्थान ने सोमवार को बैठक बुलाई। इसमें राज्य की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारियों और अन्य चिकित्सा संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बंद के दौरान डॉक्टर देंगे सहयोग बैठक में प्रतिनिधियों ने कहा- 14 अप्रैल की सुबह 8 बजे से 15 अप्रैल को सुबह 8 बजे तक राज्य के सभी प्राइवेट हॉस्पिटल में मेडिकल फेसेलिटी बंद रखी जाए। इसमें डॉक्टर्स अपना पूरा सहयोग करेंगे। इस दौरान ओपीडी, आईपीडी के अलावा इमरजेंसी सेवाएं भी शामिल की जाए। इसके लिए प्राइवेट हॉस्पिटल के साथ प्राइवेट मेडिकल कॉलेज, पैरामेडिकल सेवाएं और अन्य संबंधित चिकित्सा सुविधाएं भी सम्मिलित करने के लिए कहा है। साथ ही आह्वान किया है कि आंदोलन में सरकारी डॉक्टर्स और सरकारी चिकित्सा संस्थानों में भी प्रतिनिधि पूर्ण हड़ताल रखें।