जयपुर में एक अनोखी एलिफेंट पार्टी का आयोजन किया गया, जहां हाथियों के लिए 3 हजार किलो फलों का भव्य बुफे सजाया गया। इस खास मौके पर करीब ढाई फीट ऊंचा केक काटा, जिसे देखने देश-विदेश से आए पर्यटक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए और इस अनूठे आयोजन का आनंद लिया। दरअसल, बुधवार को प्रसिद्ध हाथी गांव में अनोखा और यादगार जश्न देखने को मिला। यहां प्रसिद्ध एनिमल लवर और उद्योगपति अनंत अंबानी का जन्मदिन हाथियों के साथ खास अंदाज में मनाया गया। इस अवसर पर हाथियों के लिए एलिफेंट पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें सेलिब्रेशन, खाना-पीना और पर्यटकों का उत्साह देखने लायक रहा। तीन हाथियों हाथी बाबू, हथिनी पुष्पा और चंदा ने मिलकर काटा केक जश्न का मुख्य आकर्षण ढाई फीट ऊंचा विशेष केक रहा, जिसे तीन हाथियों हाथी बाबू, हथिनी पुष्पा और चंदा ने मिलकर काटा। जैसे ही हाथियों ने केक काटा, वहां मौजूद लोगों और पर्यटकों ने तालियों और खुशी के साथ इस अनोखे पल का स्वागत किया। यह दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग हाथी गांव पहुंचे थे। हाथियों के लिए लगा 3000 किलो फलों का बुफे इस खास आयोजन में हाथियों के लिए करीब 3000 किलो फलों और भोजन का भव्य बुफे लगाया गया। इसमें केले, सेव, मातिरा, गन्ना, पपीता, गुड़ और हरा चारा सहित कई पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल थी। हाथियों ने बड़े चाव से इस विशेष भोज का आनंद लिया और पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्सवमय बना दिया। देश-विदेश से आए पर्यटक भी हुए शामिल कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक चला, जिसमें स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से आए पर्यटक भी शामिल हुए। पर्यटकों ने हाथियों के साथ इस अनोखे जश्न को अपने कैमरों में कैद किया और राजस्थान की अनूठी परंपरा व पशु प्रेम की भावना को करीब से महसूस किया। महावतों का भी किया गया सम्मान इस मौके पर हाथियों की देखभाल करने वाले महावतों को भी सम्मानित किया गया। उन्हें राशन किट, जूते, कैप और अन्य उपहार भेंट कर उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया गया। कार्यक्रम के संयोजक और हाथी गांव विकास समिति के अध्यक्ष शफीक बल्लू खान ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल जन्मदिन मनाना नहीं, बल्कि पशु प्रेम, सेवा और संवेदनशीलता का संदेश देना भी है।