जयपुर में दिवाली पर खपाने के लिए लाए गए 3.45 लाख रुपए के नकली नोट पकड़े गए हैं। आरोपी 500-500 के 690 नोट दिल्ली से लाया था। त्योहारी सीजन में बाजारों में चलाने की फिराक में था। सूचना पर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने रविवार को भट्टा बस्ती से युवक को गिरफ्तार कर लिया। स्पेशल कमिश्नर (ऑपरेशन) ओमप्रकाश ने बताया- आरोपी शाहबाज खान (33) नाहरी का नाका स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का रहने वाला है। आरोपी ये नोट पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके से लाया था। एक लाख के असली नोट के बदले देने थे तीन लाख के नकली नोट आरोपी शाहबाज ने बताया- एक लाख के असली नोट के बदले तीन लाख रुपए के नकली नोट देने थे। पुलिस अब उसके स्थानीय नेटवर्क को लेकर भी पड़ताल कर रही है। ओमप्रकाश ने बताया- जब्त नोट पहली नजर में असली जैसे दिख रहे थे। बारीकी से जांच करने पर एक नोट के ऊपर और नीचे दो अलग-अलग सीरियल नंबर छपे मिले। कागज और प्रिंटिंग की क्वालिटी से भी इनके नकली होने की बात सामने आई। ओमप्रकाश ने बताया कि त्योहारी सीजन में इस तरह के नेटवर्क सक्रिय हो जाते हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सीरियल नंबर से पकड़ में आए नोट पुलिस ने जो नकली नोट पकड़े है। वो एक बार देखने में असली नोट जैसे ही नजर आ रहे हैं। इनके कागज भी असली नोट के कागज की तरह दिख रहे हैं। हाथ से रगड़ने में भी नकली होने का अंदेशा नहीं होता। बड़ी बात है की इन नकली नोट की साइज कटिंग असली नोट के करीब-करीब बराबर है जिससे इन्हें नकली के रूप में आईडेंटिफाई करने में परेशानी हो रही थी। नोट में वाटरमार्क का भी इस्तेमाल किया गया है। हालांकि नोट में सिरियल नम्बर में गड़बड़ी साफ तौर पर नजर आ रही है। नोट में ऊपर की तरफ ODG 787737 और नीचे ODG 787731 लिखा है। जबकि असली नोट में दोनों जगह ये नंबर एक ही होता है। … ये खबर भी पढ़ें … नकली करेंसी को लेकर पुलिस ने जारी की एडवाइजरी:संदेह होने पर UV लाइट में कराए जांच, बैंक में भी वैरिफिकेशन जरूरी जयपुर में जाली नोटों के इंटरनेशनल गिरोह का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आमजन को नकली करेंसी को लेकर अलर्ट किया है। पुलिस ने लोगों को जाली और असली नोट की पहचान करने के तरीके बताते हुए जरूरी गाइडलाइन जारी की है।(पूरी खबर..)