जयपुर सीएमएचओ की फूड सेफ्टी टीम ने मानसरोवर के पास स्थित एक पनीर भंडार शॉप पर छापामार कार्रवाई की। विभाग की टीम ने वहां से 250 किलोग्राम मिलावटी पनीर जब्त किया है। पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए लै​ब भिजवाया और शेष पनीर को नष्ट करवाया। पनीर की ये खैप आज शादी समारोह में भेजने की तैयारी थी। जयपुर सीएमएचओ डॉ. मनीष मित्तल ने बताया- अक्षय तृतीया पर आज अबूझ सावा है। जयपुर शहर समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में बड़ी संख्या में शादी समारोह है। ऐसे में सावे पर पनीर की डिमांड बढ़ जाने से मिलावटी पनीर सप्लाई किए जाने की आशंका बढ़ गई। पनीर भंडार के गोदाम पर छापा मारा सूचना मिलने पर आज हमारी टीम ने मानसरोवर के पास चौधरी रोडूराम नगर, मांग्यवास स्थित हनुमान पनीर भंडार के गोदाम पर छापा मारा। टीम को मौके पर बड़ी मात्रा में पनीर का स्टॉक मिला, जिसे प्रथम स्तर पर जांचा तो वह खराब मिली। पनीर में पीलापन और चखने पर स्वाद में कसैलापन था। 250 किलोग्राम पनीर नष्ट करवाया फर्म के मालिक बबलू शर्मा से पूछताछ करने पर बताया कि आज शादियों के आर्डर के लिए दौसा के सिकराय से 190 रुपए किलो के भाव से पनीर मंगवाया था, जिसे वह 240 रुपए किलो बेच रहा था। संदिग्ध पनीर में मिलावट का अंदेशा होने पर टीम ने पनीर के दो-चार नमूने लेकर उसे जांच के लिए लैब भिजवाया और करीब 250 किलोग्राम पनीर नष्ट करवाया। पनीर में डिटर्जेंट की मिलावट, लाइसेंस निलंबित डॉक्टर मित्तल ने बताया कि पिछले दिनों झालाना स्थित शर्मा पनीर भंडार पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध पनीर के नमूने लेकर 300 किलो पनीर नष्ट करवाया था। सेंट्रल लैब से मिली पनीर की जांच रिपोर्ट में नमूना अनसेफ और मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मिला। जांच रिपोर्ट में इस मिलावटी पनीर में डिटर्जेंट और खाद्य तेल की मिलावट पाई गई थी। जिसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश फर्म का लाइसेंस निलंबित करते हुए खाद्य कारोबार पर रोक लगाई है।