जयपुर में बदमाश गाड़ी की एक नंबर प्लेट को अलग-अलग गाड़ियों में लगाकर पेट्रोल-डीजल भरवाकर भाग रहे हैं। गिरोह के बदमाश चुराई गई नंबर प्लेट लगाकर इस वारदात को कर रहे हैं। बदमाश पहले गाड़ी का टैंक फुल करवाते हैं। फिर फरार हो जाते हैं। ऐसे में पीछा करते हुए सेल्समैन कई बार चोटिल भी हो गए। जयपुर शहर में चार महीने में ये बदमाश दर्जनभर से अधिक वारदात को अंजाम दे चुके हैं। जयपुर के विभिन्न थानों में शिकायतें देने के बाद बिंदायका थाने में बुधवार को पहली FIR दर्ज हुई है। पुलिस की ओर से CCTV फुटेज के आधार पर गिरोह के बदमाशों की तलाश की जा रही है। अब पढ़िए पेट्रोल-डीजल चोरी के अलग-अलग मामले…. पहला मामला- थाना बिंदायका (28 अक्टूबर) बिंदायका थाने के ASI बाबू लाल ने बताया- बिंदायका के सिरसी रोड निवासी राहुल शर्मा (34) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। सिरसी रोड पर मेरा मामा फिलिंग स्टेशन के नाम से पेट्रोल पम्प है। 28 अक्टूबर को सुबह करीब 8:25 बजे फिलिंग स्टेशन पर एक व्यक्ति वेगेनार कार (RJ-14 CK 5455) लेकर पेट्रोल भरवाने आया। टैंक फुल करने की कहने पर मौजूद सेल्समैन मनोज कुमार ने पेट्रोल डाला। पेट्रोल पेमेंट के 4 हजार 70 रुपए मांगने पर तेज स्पीड के साथ कार लेकर भाग गया। कार रोकने के प्रयास के दौरान सेल्समैन मनोज कुमार के हाथ में चोट आई। दूसरा मामला - खोरा बीसल (27 अक्टूबर) खोरा बीसल इलाके में स्थित पेट्रोल पंप पर 27 अक्टूबर को सुबह करीब 6:17 बजे वारदात हुई। सफेद रंग की स्विफ्ट कार (RJ-14 CK 5455) पेट्रोल भरवाने के लिए स्टेशन पर आई। सेल्समैन सांवरमल को टैंक फुल करने को कहा। 4 हजार 409 रुपए का पेट्रोल डलवाने के बाद बारकोड मंगवाया। बारकोड को स्कैन कर बिना पेमेंट किए गाड़ी को भगा ले गया। तीसरा मामला- थाना बिंदायका (23 अक्टूबर) बिंदायका इलाके में ही सिरसी रोड पर ढाका फिलिंग स्टेशन पर 23 अक्टूबर को सुबह करीब 5:11 बजे एक स्विफ्ट कार आई। स्विफ्ट कार के नंबर (RJ-14 CK 5455) वही थे, जो बाद में खोरा बीसल के पेट्रोल पंप पर स्विफ्ट कार के थे। सेल्समैन को टैंक फुल करने के लिए कहा। कार टैंक में 4 हजार 403 रुपए का पेट्रोल भरवाकर ड्राइवर तेजी से भाग ले गया। चौथा मामला- थाना वैशाली (23 अक्टूबर) वैशाली नगर इलाके में 23 अक्टूबर को गिरोह ने डीजल लूट की वारदात को अंजाम दिया। दाता फिलिंग स्टेशन पर 23 अक्टूबर को सुबह करीब 4:50 बजे एक ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो गाड़ी (RJ-14 CK 5455) आई। टैंक फुल करने की कहकर पेमेंट के लिए बारकोड मांगा। टैंक फुल होने पर 5 हजार 683 रुपए सेल्समैन उदय सिंह ने मांगे। इस दौरान गाड़ी को ड्राइवर भगा ले गया। सेल्समैन के रोकने की कोशिश करने पर उसे घसीटता हुआ ले गया। पेट्रोल पम्प से बाहर जाकर धक्का देकर सेल्समैन को गिराकर फरार हो गया। इससे सेल्समैन उदय सिंह के शरीर पर चोटें आईं। पांचवा मामला - थाना खोरा बीसल (26 सितम्बर) खोरा बीसल के श्याम फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल-डीजल लूट गिरोह ने वारदात की। 26 सितम्बर की रात करीब 10:30 बजे ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ी (RJ-14 CK 5455) आई। गाड़ी के ड्राइवर ने सेल्समैन कालू सिंह भाटी को टैंक फुल करने की कहा। इस दौरान ही पेमेंट के लिए बारकोड मांगा। बारकोड देने के बाद भराए 6 हजार 100 रुपए के डीजल का बिल मांगा। बिल देने के दौरान गाड़ी को बिना डीजल पेमेंट के भगा ले गया। छठा मामला - थाना विश्वकर्मा (24 सितम्बर) विश्वकर्मा इलाके में रोड नंबर-12 पर स्थित पेट्रोल पम्प पर वारदात हुई। 24 सितंबर को रात करीब 11 बजे ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ी (RJ-14 CK 5455) आई। टैंक फुल करने की कहने पर 5 हजार 940 रुपए का डीजल भरवाया। पेमेंट दिए बिना ही स्कॉर्पियो को तेजी से भागकर निकाल ले गया। सातवां मामला - थाना खोरा बीसल (16 सितंबर) खोरा बीसल में निवारू रोड पर श्याम फिलिंग स्टेशन को गिरोह ने निशाना बनाया। 16 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ी (RJ-14 CK 5455) स्टेशन पर पहुंची। सेल्समैन को फ्यूल टैंक फुल करने की कहकर स्कैनर मंगवाया। करीब 4 हजार 500 रुपए का डीजल भरवाकर बिना पेमेंट किए स्कॉर्पियो को भगा ले गया। आठवां मामला - थाना बिंदायका (1 जुलाई) बिंदायका थाना इलाके में मामा फिलिंग स्टेशन पर 1 जुलाई को गिरोह ने वारदात की। एक ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो गाड़ी (25 BH 8796A) फ्यूल टैंक फुल करने की कहा। भराए डीजल का बिना पेमेंट किए ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया। नौवां मामला - थाना मानसरोवर (25 जून) मानसरोवर इलाके में स्थित पेट्रोप पम्प पर गिरोह ने वारदात की। 25 जून को ग्राण्ड विटारा कार (25 BH 8796A) स्टेशन पर आई। फ्यूल टैंक फुल करवाकर सेल्समैन को बारकोड लाने की कहा। बिना पेमेंट किए कार को लेकर ड्राइवर फरार हो गया। एक ही नंबर प्लेट से इतनी घटनाओं को अंजाम दिया पीड़ित फिलिंग स्टेशनों के ऑनर्स ने कहा- पेट्रोल-डीजल लूट गिरोह के आतंक के चलते फिलिंग स्टेशनों पर दहशत का माहौल है। फिलिंग स्टेशनों पर दर्जनभर से अधिक लूट की वारदातें हो चुकी हैं। पीड़ितों की ओर से शिकायत देने पर पुलिस ने अब तक सिर्फ परिवाद दर्ज किया। वर्कशॉप पर खड़ी गाड़ी से नंबर प्लेट चुराकर कर रहे वारदात बिंदायका थाना पुलिस ने 28 अक्टूबर की हुई वारदात पर पहली FIR दर्ज की है। जांच में सामने आया है कि (RJ-14 CK 5455) गाड़ी नंबर से गिरोह ने बहुत से लूट की वारदात की है। वह गाड़ी नंबर कपित के नाम से रजिस्ट्रर्ड है। साल-2010 मॉडल की वर्ना कार का है। जो झोटवाड़ा पुलिस स्टेशन के पास एक वर्कशॉप पर खड़ी है। उस कार से नंबर प्लेट गायब है। वहीं (25 BH 8796A) से की वारदात भी नंबर प्लेट चोरी की हुई है। उसके असली ऑनर ने चित्रकूट थाने में नंबर प्लेट चोरी की कम्पलेंड दर्ज करवा रखी है।