जयपुर पुलिस ने नागपुर की गैंग के 5 बदमाशों को गुरुवार रात अरेस्ट किया है। गिरोह के बदमाश अल्टो कार से वारदात को अंजाम देने जयपुर आते थे। सिद्ध पुजारी बताकर भगवान की नाराजगी का डर दिखाकर लोगों से गहने-कैश व कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। डीसीपी (नॉर्थ) करण शर्मा ने बताया- नागपुर की गैंग के बदमाश जाबिर अली उर्फ जाबिर पंजाबी (41), जाफर जैदी (59), अली रजा उर्फ गुड्‌डू (40), अली नकी जैदी (20) और शेख अरबाज उर्फ साहिल (28) निवासी नागपुर महाराष्ट्र को अरेस्ट किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात करने जयपुर आने के लिए यूज की जाने वाली अल्टो कार बरामद की है। अलग-अलग राज्यों में केस दर्ज गिरोह के बदमाशों के खिलाफ राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कनार्टक व अन्य राज्यों में धोखाधड़ी के कई प्रकरण दर्ज है। दो अप्रैल को जयपुर में ज्वैलरी काम करने वाले व्यक्ति से गिरोह ने पूजा-पाठ के नाम पर धोखाधड़ी कर चांदी की 79 अंगुठी का बैग लेकर फरार हो गए थे। माणकचौक थानाधिकारी राकेश ख्यालिया के नेतृत्व में टीम ने बदमाशों का CCTV फुटेजों के आधार पर पीछा किया। पुलिस टीम ने गिरोह के तीन बदमाशों को दूदू के पास से और दो बदमाशों को विद्याधर नगर से धर-दबोचा। पुलिस को देखकर बचने के लिए भागते समय चोटिल हुए दो बदमाशों का प्राथमिक उपचार करवाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से उनकी अल्टो कार भी बरामद कर ली है। नागपुर से कार में आते थे जांच में सामने आया है कि वह नागपुर से वारदात करने अल्टो कार से जयपुर आते। अपने वाहन को वारदातस्थल से करीब 10-15 किलोमीटर दूर खड़ा करते है। ऑटोरिक्शा से टारगेट स्थान पर पहुंच कर भीड़भीड़ में घुमकर टारगेट व्यक्ति तय करते। सिद्धी प्राप्त पुजारी के रुप में खुद को दिखाते। निशाना बनाए गए व्यक्ति को श्राप देने व भगवान के नाराज होने की धमकी देकर डराते है। मुट्ठी व आंख बंद कर 4-5 कदम चलते को कहकर उनकी ज्वैलरी-कैश व कीमती सामान ठग फरार हो जाते।