जयपुर में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। फिर खुद का गला काटकर सुसाइड की कोशिश की। इसके बाद पति रातभर लाश के पास बैठा रहा। मामला चाकसू थाने का है। पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी पति को प्राथमिक उपचार के बाद राउंडअप कर लिया है। पुलिस ने बताया- सांगानेर के श्योपुर निवासी सुनीता (25) का मर्डर हुआ है। साल-2020 में उसकी शादी चाकसू के स्वामी का बास गांव निवासी रामवतार रैगर से हुई थी। वह अपने माता-पिता, भाई-भाभी और पत्नी के साथ यहां रहता था। पिछले काफी समय से बेरोजगार चल रहा था। शुक्रवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हो गया। देर रात गुस्से में रामवतार ने पत्नी सुनीता का चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। संघर्ष के दौरान कमरे की दीवार व फर्श पर जगह-जगह खून फैल गया। खुद ने किया सुसाइड का प्रयास पत्नी सुनीता की हत्या करने के बाद रामवतार ने भी चाकू से अपने गले पर वार कर सुसाइड का प्रयास किया। सुसाइड करने की कोशिश के दौरान डर के मारे रुक गया। इसके बाद फर्श पर पत्नी की लहूलुहान लाश के पास रातभर बैठा रहा। सुबह करीब 6 बजे परिजनों ने जगने पर कमरे के गेट के पास ही सुनीता की लाश पड़ी दिखी। लाश के सिर के पास ही रामवतार दीवार की तरफ मुंह कर बैठा था। पिछले काफी समय से चल रही थी अनबन मर्डर की सूचना पर चाकसू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए। पुलिस ने लाश के पास बैठे मिले रामवतार को उपचार के लिए हॉस्पिटल भिजवाया। पुलिस ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे राउंडअप कर लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सुनीता के शव को CHC चाकसू की मॉर्च्युरी भिजवाया। पुलिस प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया है कि बेरोजगार होने के कारण अक्सर पति-पत्नी के बीच कामकाज को लेकर कहासुनी होती थी। पिछले काफी समय से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। मृतका के भाई मुकेश ने पति और सुसरालवालों पर दहेज को लेकर टॉर्चर करने का आरोप लगाते हुए हत्या का मामला दर्ज करवाया है।