जयपुर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर दंपती की संपत्ति पर आज दोपहर बुलडोजर चलाया। सरकारी जमीन पर किए अतिक्रमण को जेडीए की मदद से पूरी तरह से तोड़ा गया। अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाकर मैसेज दिया गया कि अपराधी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ध्वस्त करने की कार्रवाई के दौरान सांगानेर थाना पुलिस सहित अतिरिक्त जाब्ता तैनात रखा। डीसीपी (ईस्ट) रंजिता शर्मा ने बताया कि जयपुर पुलिस कमिश्नर की ओर से क्रिमिनर्ल्स, माफियाओं और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया है। पुलिस और जेडीए की ओर से बनाई संयुक्त टीम ने सांगानेर इलाके में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। अतिक्रमण कर रास्ता किया ब्लॉक टीम ने आदतन अपराधी व हिस्ट्रीशीटर दंपति श्यारोज सांसी और गुड्‌डी सांसी निवासी कृष्णा विहार सांगानेर को चिहिृत किया। हिस्ट्रीशीटर दंपति ने सरकारी/सार्वजनिक भूमि पर अवैध रुप से कब्जा कर बनाए पक्के-कच्चे निर्माण (अतिक्रमण) किया हुआ था। हिस्ट्रीशीटर दंपति श्योराज-गुड्‌डी के मकान नंबर-193 कृष्णा विहार सांगानेर जयपुर में अवैध रुप से अतिक्रमण कर मकान के आगे टीनशेड लगा दिया। आम रास्ते पर कब्जा करते हुए रास्ते को ब्लॉक कर दिया था, जिससे गली में रहने वाले निवासी काफी परेशान हो रहे थे। टीम ने अवैध निर्माण को तोड़ा कानून व्यवस्था बनाए रखने और प्रभावी कार्रवाई के लिए सांगानेर पुलिस के जाब्ते और जेडीए के प्रवर्तन अधिकारियों की एक संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस बल की मौजूदगी में जेडीए की टीम ने मौके से श्योराज सांसी के अवैध निर्माण को ढहाने की कार्रवाई की। शनिवार दोपहर बुलडोजर की मदद से सरकारी जमीन पर किए अतिक्रमण को पूरी तरह तोड़कर हटाया गया। जयपुर पुलिस और जेडीए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ यह जीरो टॉलरेस की नीति लगातार जारी रहेगी। किसी भी अपराधी को सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जे या आमजन को डरा-धमकाकर अतिक्रमण करने की इजाजत नहीं है। भविष्य में भी ऐसे अपराधियों की अवैध रूप से अर्जित संपतियों और निर्माणों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी व दडात्मक कार्रवाई की जाएगी।