जयपुर में एक आईपीएस अफसर पर महिला ने रेप का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि अफसर ने शादी करने का झांसा देकर जबरन सरकारी आवास पर बुलाकर उसके साथ जबरदस्ती की। तीन महीने तक वीडियो कॉल कर धमकाया। जयपुर के एक थाने में डाक से भेजी गई शिकायत पर FIR दर्ज की गई है। एफआईआर में 53 साल की महिला ने आईजी (मानवाधिकार) किशन सहाय के खिलाफ रेप का आरोप लगाया है। आरोप है कि सरकारी आवास पर बुलाकर जबरदस्ती की और मोबाइल बंद कर मारपीट की गई। इसके बाद पुलिस में शिकायत नहीं करने को लेकर धमकाया। तीन महीने तक वीडियो कॉल पर भी धमकी देता रहा। दूसरे राज्य से डाक के जरिए शिकायत मिलने पर 29 अप्रैल को FIR दर्ज की गई। मामले को लेकर आईजी किशन सहाय का कहना है- मैं 10 साल से वैज्ञानिक दृष्टिकोण व विज्ञानवाद की विचारधारा का प्रचार कर रहा हूं। इसी के खिलाफ यह षड्यंत्र रचा गया है। पुलिस तफ्तीश में सारी चैट निकालकर जांच करेगी तो सारा षड्यंत्र सामने आ जाएगा।