जयपुर-जैसलमेर लीलण सुपरफास्ट एक्सप्रेस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। रेलवे ने ट्रेन के संचालन को समय पर रखने के लिए इसका टाइम-टेबल आंशिक रूप से बदल दिया है। सोमवार (27 जुलाई) से गाड़ी संख्या 12468 अब जयपुर स्टेशन से अपने पुराने समय से 5 मिनट पहले रवाना होगी। इसके साथ ही कनकपुरा और आसलपुर जोबनेर स्टेशन पर भी ट्रेन के आने-जाने का समय बदल गया है। आज से लागू हुआ नया टाइम-टेबल उत्तर पश्चिम रेलवे ने लीलण सुपरफास्ट एक्सप्रेस के समय में आंशिक संशोधन किया है। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रेल सेवाओं को अधिक बेहतर और समयबद्ध बनाने के लिए यह बदलाव किया गया है। नए टाइम-टेबल के अनुसार ट्रेन अब जयपुर जंक्शन से शाम 4:30 बजे की बजाय 4:25 बजे रवाना होगी। यह नया समय 27 जुलाई से लागू हो गया है। कनकपुरा और आसलपुर का समय भी बदला जयपुर से ट्रेन के समय में बदलाव का असर आगे के स्टेशनों पर भी पड़ेगा। कनकपुरा स्टेशन पर ट्रेन अब शाम 4:37 बजे पहुंचेगी और दो मिनट रुकने के बाद 4:39 बजे रवाना होगी। पहले इसका समय 4:42 बजे आगमन और 4:44 बजे प्रस्थान था। इसी तरह आसलपुर जोबनेर स्टेशन पर ट्रेन अब शाम 4:57 बजे पहुंचेगी और 4:59 बजे रवाना होगी। पहले यह ट्रेन यहां शाम 5:02 बजे पहुंचती थी। हालांकि, इसके बाद के स्टेशनों के समय में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है और ट्रेन अगले दिन सुबह 5:05 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। रेलवे की अपील- नया समय देखकर ही स्टेशन पहुंचें रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि सफर पर निकलने से पहले ट्रेन का नया समय जरूर जांच लें। इसके लिए NTES ऐप या रेलवे के 139 हेल्पलाइन नंबर का इस्तेमाल किया जा सकता है। क्योंकि ट्रेन अब 5 मिनट पहले रवाना होगी, ऐसे में थोड़ी भी देरी होने पर ट्रेन छूट सकती है। इसलिए यात्रियों को समय से पहले स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है।