जयपुर में गैंगस्टर्स के नाम से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। ज्वेलरी कारोबारी से गैंगस्टर रोहित गोदारा-वीरेन्द्र चारण के नाम से रंगदारी मांगी गई। रंगदारी के लिए वॉयस मैसेज भेजकर ज्वेलर कारोबारी को धमकाया गया है। झोटवाड़ा थाने में पीड़ित की ओर से मामला दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने बताया- झोटवाड़ा इलाके में रहने वाले ज्वेलरी कारोबारी से रंगदारी मांगी गई है। 6 मई को ज्वेलर के माबाइल पर एक वॉयस मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा वीरेन्द्र चारण बताया। ज्वेलर को धमकाते हुए 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। रुपए नहीं देने पर उसे व परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। रंगदारी के लिए गैंगस्टर्स की धमकी मिलने के बाद परिवार दहशत में है। झोटवाड़ा थाने में पीड़ित ज्वेलर की ओर से शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस की ओर से साइबर एक्सपर्ट की मदद से जांच शुरू कर दी है।