जयपुर में एक घर के लॉक तोड़कर 35 लाख रुपए कीमत के गहने चोरी का मामला सामने आया है। पैदल आया नकाबपोश बदमाश घर के अंदर चाबी मिलने पर पोर्च में रखी स्कूटी पर चुरा ले गया। शिप्रापथ थाने में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज करवाया गया है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोर की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया- मानसरोवर अग्रवाल फार्म निवासी राशि शर्मा ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। 3 अप्रैल को वह परिवार सहित जयपुर से बाहर गई थी। 7 अप्रैल की रात सूने मकान को बदमाशों ने चोरी की नीयत से निशाना बनाया। मेन गेट का लॉक तोड़कर बदमाश अंदर घुसे। अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने और पोर्च में रखी स्कूटी चोरी कर ले गए। सुबह उठने पर पड़ोसियों ने गेट खुले देखकर उन्हें चोरी की सूचना दी। घर लौटकर संभालने पर अलमारी से करीब 35 लाख रुपए के गहने चोरी का पता चला। इसके साथ ही चाबी से लॉक खोलकर स्कूटी भी चोरी कर ले जाने का पता चला। घर के आस-पास लगे CCTV फुटेज खंगालने पर नकाबपोश बदमाश की करतूत कैद मिली। शिप्रापथ थाने में पीड़िता ने फुटेज के आधार पर मामला दर्ज करवाया है।