जयपुर में ज्वेलरी-शॉप से 3.25 लाख रुपए का गोल्ड चोरी का मामला सामने आया है। कस्टर बनकर आए बदमाश ने ज्वेलर की नजर बचाकर गोल्ड चोरी किया। झोटवाड़ा थाना पुलिस शॉप में लगे CCTV फुटेज में कैद हुए बदमाश की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया- झोटवाड़ा के श्रीराम कॉलोनी निवासी शंकर सोनी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। लता सर्किल पर उनकी गणपति ज्वेलर्स के नाम से शॉप है। 10 मई की दोपहर करीब 1:38 बजे वह शॉप पर बैठे थे। कस्टमर बनकर एक व्यक्ति खरीदारी करने के लिए शॉप पर आया। चांदी का ताबीज दिखाने की कहा। ताबीज पसंद कर 450 रुपए में सौदा तय कर खरीद लिया। 500 रुपए का नोट देने पर ज्वेलर ने खुले करवाकर लागने की बात कही। ज्वेलर को बाहर जाने से रोक सोने का भाव पूछकर बातों में उलझा लिया। 100 मिलीग्राम पक्का सोना खरीदने की कहकर ज्वेलरी दिखाने की कहा। डिब्बी में रखे गोल्ड पीस को ज्वेलर दिखाने लगा। कान की बाली दिखाने की कहकर ज्वेलर की नजर बचाकर काउंटर के नीचे की तरफ रखी एक डिब्बी पार कर ली। हाथों में छिपाकर गोल्ड चोरी कर बाद में खरीदने की कहकर बदमाश चला गया। कुछ देर बाद ज्वेलर के माल संभालने पर करीब 20 ग्राम वजन की पक्के गोल्ड के 4-5 टूकड़े वाली डिब्बी गायब मिली। शॉप में लगे CCTV फुटेजों को खंगालने पर कस्टमर बनकर आए चोर की करतूत कैद मिली। चोरी की सूचना पर झोटवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि चोरी गए गोल्ड की कीमत करीब 3.25 लाख रुपए है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोर की तलाश कर रही है।