कस्टमर बनकर आए बदमाश ने जयपुर के ज्वेलरी शॉप से 3.35 लाख का गोल्ड चोरी कर लिया। आरोपी ने ज्वेलर से नजर बचाकर वारदात को अंजाम दिया। मामले में झोटवाड़ा थाना पुलिस शॉप में लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि झोटवाड़ा के श्रीराम कॉलोनी निवासी शंकर सोनी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार, लता सर्किल पर उनकी गणपति ज्वेलर्स के नाम से शॉप है। 10 मई की दोपहर करीब 1:38 बजे वह शॉप पर बैठे थे। तभी एक व्यक्ति कस्टमर बनकर शॉप पर आया था। उसने चांदी का ताबीज दिखाने के लिए कहा और पसंद आने पर 450 रुपए में सौदा कर ताबीज खरीद लिया। उसने 500 रुपए दिए इस पर ज्वेलर ने खुले करवाकर लाने की बात कही। लेकिन बदमाश ने ज्वेलर को बाहर जाने से रोककर सोने का भाव पूछकर बातों में उलझा लिया। 100 मिलीग्राम पक्का सोना खरीदने की कहकर ज्वेलरी दिखाने को कहा। डिब्बी में रखे गोल्ड पीस को ज्वेलर दिखाने लगा। कान की बाली दिखाने की कहकर ज्वेलर की नजर बचाकर काउंटर के नीचे की तरफ रखी एक डिब्बी पार कर ली। हाथों में छिपाकर गोल्ड चोरी कर बाद में खरीदने की कहकर बदमाश चला गया। कुछ देर बाद ज्वेलर के माल संभालने पर करीब 20 ग्राम वजन की पक्के गोल्ड के 4-5 टूकड़े वाली डिब्बी गायब मिली। सीसीटीवी खंगालने पर बदमाश की करतूत साफ नजर आई। चोरी की सूचना पर झोटवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि चोरी गए गोल्ड की कीमत करीब 3.25 लाख रुपए है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश कर रही है।