जयपुर स्थित विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी में 5वीं रांका मूट कोर्ट प्रतियोगिता–2026 का आयोजन किया जा रहा है। रांका पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से विधि विद्यार्थियों की 64 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जो इसकी व्यापकता और महत्व को दर्शाता है। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। स्वागत उद्बोधन में कुलपति (प्रो.) (डॉ.) एन. डी. माथुर ने कहा कि मूट कोर्ट प्रतियोगिताएं विधि शिक्षा को व्यावहारिक रूप प्रदान करती हैं और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विश्वविद्यालय के बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के अध्यक्ष ललित के. पवार ने अपने संबोधन में विधि शिक्षा की सामाजिक प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता के रूप में राजस्थान उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता न्यायमूर्ति जे. के. रांका ने न्यायिक प्रक्रिया में नैतिकता और पेशेवर ईमानदारी के महत्व को रेखांकित किया। विशिष्ट अतिथि भारत सरकार के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (राजस्थान उच्च न्यायालय) भारत व्यास ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में भागीदारी ही सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने आधुनिक विधि सिद्धांतों के साथ भारतीय न्यायशास्त्र और मीमांसा परंपरा के संतुलन पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कई बार सही समय पर मौन रहना भी परिपक्वता का प्रतीक होता है। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्य न्यायाधीश, इलाहाबाद उच्च न्यायालय, न्यायमूर्ति गोविंद माथुर ने भारतीय संविधान को जीवन का मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना हर नागरिक का दायित्व है। कार्यक्रम के दौरान रांका पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को न्यायालयीन प्रक्रियाओं का वास्तविक अनुभव प्रदान करती हैं, जिससे उनकी तर्कशक्ति, शोध क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ एक विशेष संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें विधिक करियर से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन मिला। प्रो. पी. पी. मित्रा ने प्रतियोगिता की संक्षिप्त रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि सुरभि रांका ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। कार्यक्रम में डॉ. शिल्पा रस्तोगी ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह प्रतियोगिता आगामी दिनों में विधि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करेगी। आगे पढ़ें जयपुर की अन्य खबरें…