जयपुर में शराब बिक्री से जुड़े व्यापारियों के संगठन ने आज आबकारी कमिश्नर को ज्ञापन दिया। 5 बिंदुओं पर अपनी मांग रखते हुए संगठन ने सबसे प्रमुख मांग शराब की बिक्री की समयावधि को बढ़ाने की रखी। राज लिकर वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष निलेश मेवाड़ा ने बताया- आज ज्ञापन में सबसे प्रमुख मांग शराब की बिक्री का समय बढ़ाने की रखी। हमने सरकार से शाम 8 के बजाए रात 11 बजे तक बिक्री की अनुमति देने की मांग की है, ताकि व्यापारियों को जो रेवेन्यू का टारगेट सरकार की तरफ से मिला है वह पूरा हो सके। इसके अलावा विभाग ने देशी शराब में 3 फीसदी टेट्रापैक अनिवार्य किया है, जबकि आबकारी नीति में इसका कहीं भी इसका उल्लेख नहीं था। यह निर्णय व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार डाल रहा है। जिसे तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग रखी है। ये भी मांग रखी ​बीते वित्तवर्ष के आखिरी माह (मार्च में) जिन व्यापारियों ने गारंटी राशि से अधिक का माल उठाया है, विभाग नियमानुसार केवल उसी अतिरिक्त उठाव की ड्यूटी राशि वसूल करें। वर्तमान में पोर्टल पर यह राशि त्रुटिपूर्ण अधिक प्रदर्शित हो रही है, जिससे व्यापारियों में भ्रम और असंतोष की स्थिति बनी हुई है। इस साल शराब पर व्यापारियों का मार्जिन बढ़ाने के लिए कहा था, लेकिन वास्तविकता में पिछले वर्ष की तुलना में मार्जिन कम हो गया है। इससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। पिछले वित्तवर्ष के आखिरी माह (मार्च में) जिन व्यापारियों ने अतिरिक्त माल उठाया उसका भराव मौजूदा वित्तवर्ष के अप्रैल, मई और जून में दिया जाना सुनिश्चित करें।