प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जयपुर मेट्रो के 41 किलोमीटर लंबे सेकेंड फेज का शिलान्यास किया। पीएम वर्चुअल रूप से पचपदरा बालोतरा से शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एसएमएस स्टेडियम के इनडोर स्टेडियम में किया गया। जहां राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, स्थानीय विधायक समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। पूर्व सीएम राजे ने किया प्रधानमंत्री का धन्यवाद वसुंधरा राजे बोलीं - मैं सबसे पहले सभी की ओर से प्रधानमंत्री का धन्यवाद करना चाहती हैं, जिन्होंने राजस्थान को एक नहीं बल्कि दो-दो बड़ी सौगातें दी हैं। उन्होंने कहा -मुझे याद है कि साल 2016 में बाड़मेर की विशाल रैली में हमने रिफाइनरी का शिलान्यास किया था। प्रधानमंत्री की एक बड़ी विशेषता है कि वो जिस काम की शुरुआत करते हैं, उसे पूरा भी कराते हैं। उस समय शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट आज पचपदरा में पूरा होने की दिशा में पहुंच गया है। यह राजस्थान के लिए बेहद खुशी की बात है। राजे ने आगे कहा कि 3 जून 2015 को प्रधानमंत्री ने जयपुर मेट्रो का शिलान्यास किया था। आज वह जयपुर मेट्रो फेज-2 का भी शिलान्यास कर रहे हैं। यह रूट बहुत लंबा है। इस पर खर्च भी बहुत अच्छा खासा होगा। यह काम 5 साल के अंदर पूरा करेंगे ही करेंगे। जल्दी काम खत्म करने की उनकी आदत है। उन्होंने कहा कि जयपुर केवल प्रदेश की राजधानी ही नहीं, बल्कि राजस्थान की पहचान और चेहरा भी है। यहां होने वाले विकास कार्यों का सकारात्मक प्रभाव पूरे प्रदेश पर पड़ता है। इसलिए मैं एक बार फिर प्रधानमंत्री को इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए हार्दिक बधाई देती हूं। प्रहलादपुरा से सीकर रोड टोडी तक प्रस्तावित इस कॉरिडोर पर 13 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। प्रोजेक्ट को साढ़े पांच साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए पूरे काम को 5 जोन में बांटा गया है। इस रूट की पहली डीपीआर साल 2011 में कांग्रेस सरकार के दौरान तैयार की गई थी। इसके बाद 15 साल में कांग्रेस और भाजपा सरकारों के कार्यकाल में 5 बार बदलाव हुए। इसमें 12 करोड़ रुपए खर्च हुए। डेढ़ साल पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार ने परियोजना को मंजूरी दी। पहला हिस्सा 12 किमी का, दूसरा अंडरग्राउंड होगा मेट्रो अधिकारियों के अनुसार 41 किमी लंबे कॉरिडोर में कुल 36 स्टेशन बनाए जाएंगे। पहले जोन में प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गोशाला तक 12 किमी हिस्से का काम शुरू हो चुका है। इस पर 918 करोड़ रुपए खर्च होंगे। दूसरे जोन में पिंजरापोल गोशाला से जवाहर सर्किल रोड एयरपोर्ट तक 3 किमी लंबा कॉरिडोर बनेगा। यह पूरा हिस्सा अंडरग्राउंड होगा और दो स्टेशन प्रस्तावित हैं। इस खंड पर करीब 1160 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसका टेंडर जारी हो चुका है, जो 22 जुलाई को खोला जाएगा। शेष तीन जोन के लिए भी जल्द वर्क ऑर्डर जारी किए जाएंगे। खासाकोठी बनेगा नया इंटरचेंज हब फेज-1 में भी बदलाव किया गया है। बड़ी चौपड़ से मानसरोवर के बीच संचालित मेट्रो लाइन पर खासाकोठी में नया स्टेशन बनेगा। इससे फेज-1 में स्टेशनों की संख्या 11 से बढ़कर 12 हो जाएगी। खासाकोठी पर ही फेज-2 का स्टेशन भी विकसित होगा। दोनों स्टेशन 150 मीटर लंबे फुट ओवरब्रिज से जोड़े जाएंगे। इससे यात्रियों को इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी।