जयपुर की सड़कों पर चलती बाइक पर नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ करने वाले मनचलों की मुसीबत अब बढ़ने वाली है। 10 अप्रैल को सोशल मीडिया पर वायरल हुई शर्मनाक रील के मामले में पुलिस पीड़िता तक पहुंचने में कामयाब रही है। पीड़िता के नाबालिग होने की पुष्टि के बाद अब पकड़े गए चारों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस चलेगा। डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस ने इस पूरे मामले में बिना किसी शिकायत के तकनीकी जांच के जरिए पीड़िता को तलाशा और उसके बयान दर्ज किए हैं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह उस दिन कोचिंग से घर वापस जा रही थी। अचानक पीछे से आए युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की, जिससे वह एक पल के लिए सहम गई थी। उसने डरने के बजाय उन मनचलों को सबक सिखाने की हिम्मत जुटाई, लेकिन इससे पहले कि वह कुछ और कर पाती, आरोपी अपनी बाइक तेज रफ्तार में भगा ले गए। भास्कर ने इस चर्चित मामले की पड़ताल में जुटे पुलिस अधिकारियों से बात कर पूरा घटनाक्रम जाना। साथ ही यह भी जाना कि बिना शिकायत के पुलिस कैसे विक्टिम तक पहुंची। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया- वीडियो के आधार पर पुलिस ने 48 घंटे के भीतर ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों को उनके कुकर्मों की सजा दिलाने के लिए पीड़िता के बयान जरूरी थे। पुलिस टीमें तकनीकी मदद से पीड़िता तक पहुंची तो उसने पूरा घटनाक्रम बताया। 27 दिसंबर 2025 को कोचिंग क्लास से निकली थी
मुहाना थाना पुलिस को पीड़िता ने बताया कि वह प्राइवेट कोचिंग में पढ़ती है। 27 दिसंबर 2025 को कोचिंग क्लास पूरी होने के बाद उसने घर जाने के लिए राइड बुक की थी। दो बार राइड कैंसिल होने के बाद तीसरी बार में राइड मिल गई थी। बाइक पर बैठकर कोचिंग से अपने घर की तरफ जा रही थी। इस दौरान अचानक पीछे से बाइक पर आ रहे दो युवकों में से एक ने छुआ तो वह अलर्ट हो गई। वह काफी सहम भी गई थी। घर पहुंचने के बाद मां को सबसे पहले बताया। मां ने पूछा- कहीं लगी तो नहीं, इसके बाद उन्होंने दिलासा दिया। कुछ दिनों में बात आई-गई हो गई। शराब पार्टी करने जयपुर आए थे
मनराज मीणा (24) निवासी नगरफोर्ट टोंक, सुदामा मीणा (24) निवासी नगरफोर्ट टोंक, महेश बंजारा (19) निवासी नगरफोर्ट टोंक और लोकेश बंजारा (21) निवासी बांदीकुई, दौसा शराब पार्टी करने जयपुर आए थे। तभी यह वीडियो शूट किया था। 8 अप्रैल को शराब के नशे में वीडियो वायरल किया
वीडियो मनराज के मोबाइल में था। उसने 8 अप्रैल को शराब के नशे में खुद के सोशल मीडिया से उसे वायरल कर दिया था। सुबह तक यह वीडियो कई सोशल मीडिया एकाउंट पर चलने लगा। अज्ञात आउंट यूजर ने इस वीडियो को नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) को टैग कर दिया। इसके बाद 9 अप्रैल को एनसीआरबी ने जयपुर पुलिस को वीडियो टैग करते हुए लिखा- इसकी जांच की जाए। जयपुर पुलिस कमिश्नर ने सभी थाना सीआई को वीडियो भेजा। मुहाना थाना सीआई गुर भूपेंद्र ने जांच में पुष्टि की कि यह वीडियो कहां का है। सीनियर अधिकारियों के निर्देश पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने इंस्टाग्राम से वीडियो पोस्ट करने वाली आईडी की जानकारी जुटाई। कुछ घंटों में पुलिस के पास आरोपी की आईडी आ गई। आरोपी ने वीडियो, वायरल होने के कारण डिलीट कर दिया था। तब तक पुलिस ने बदमाशों के फोन नंबर के आधार पर लोकेशन ढूंढ ली। इसके बाद टोंक और दौसा में रेड मारकर चारों को पकड़ा गया। राइड बुकिंग की डिटेल से पीड़िता तक पहुंची पुलिस पुलिस जानती थी अगर कोर्ट में पीड़िता के बयान दर्ज नहीं हुए तो बदमाश कुछ समय में ही बाहर आ जाएंगे। पीड़िता तक पहुंचने के लिए पुलिस ने फिर से पड़ताल शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में दिख रही बाइक के नंबरों के आधार पर ड्राइवर का पता चल गया। बाइक राइडर को घटना के बारे में कुछ पता नहीं था। वीडियो दिखाने के बाद भी वह लड़की की जानकारी नहीं बता सका। पुलिस टीम ने मां और बच्ची को जांच में सहयोग के लिए कहा। इसके बाद परिवार मान गया। बच्ची के बयान के बाद इस केस में पॉक्सो एक्ट की धारा जोड़ दी गई है। मोबाइल भेजा एफएसएल
मुहाना थाना सीआई गुर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बदमाशों के मोबाइल में रैश ड्राइविंग सहित कई वीडियो गैलरी में मिले हैं। कुछ डेटा डिलीट हैं। ऐसी आशंका है कि ये पूर्व में भी इस प्रकार की अन्य वारदात करते रहे होंगे। इसे देखते हुए बदमाशों के मोबाइल फोन को एफएसएल के पास जांच के लिए भेजा गया है। एफएसएल से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जल्द से जल्द सजा दिलाने पर किया जा रहा काम
डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया- मुहाना वाले केस को बड़ी गंभीरता के साथ डील किया जा रहा है। डे टू डे की अपडेट ली जा रही है। पीड़िता के कोर्ट के सामने बयान करवा दिए गए हैं। दो माह से पहले चालान पेश कर बदमाशों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। हमारी पूरी टीम ने इस केस में हर प्रकार से बेहतर काम किया। एक वायरल वीडियो का पता लगाने से लेकर पीड़ित के सामने नहीं होने के बाद भी एफआईआर दर्ज कर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। ------------
यह खबर भी पढ़िए… बाइक स्टंट के दौरान युवती से छेड़छाड़, चार दबोचे:जयपुर में शराब पार्टी के बाद सड़क पर निकले थे; वीडियो बनाकर किया था वायरल जयपुर में चलती बाइक पर युवती से छेड़छाड़ के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। शराब पार्टी के बाद निकले युवकों ने बाइक पर स्टंट करते हुए यह शर्मनाक हरकत की। बताया जा रहा है कि आरोपी इस दौरान वीडियो भी बना रहे थे…(CLICK कर पूरा पढ़ें)