मानसून की बेरुखी चिंता का सबब बनने लगी है। बीते 11 दिन से जयपुर में एक मिमी भी पानी नहीं बरसने से बारिश का आंकड़ा औसत से नीचे चला गया है। 15 जुलाई तक पूरे जिले में औसत बारिश का आंकड़ा 151 मिमी है, जबकि 146.5 मिमी ही हुई है। मानसून कमजोर रहने से अगले 4-5 दिन बारिश नहीं होने से बारिश का आंकड़ा औसत से और नीचे जा सकता है। थोड़ी राहत की बात यह है कि 21 जुलाई से मानसून फिर सक्रिय हो सकता है। हालांकि, यह सेकंड फेज ज्यादा दिन एक्टिव नहीं रहेगा और बारिश के दिन कम रहेंगे। इससे जुलाई महीने में पिछले 10 साल का सबसे कम बारिश का आंकड़ा दर्ज हो सकता है। जुलाई 2023 में सबसे ज्यादा 17 दिन बादल बरसे थे आगे क्या : बंगाल की खाड़ी में बन रहा लो प्रेशर एरिया, तीन दिन बारिश के आसार मौसम विभाग जयपुर निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में मानसून ट्रफ लाइन सामान्य से उत्तर की ओर शिफ्ट होकर जम्मू, बरेली, डाल्टेनगंज से होकर गुजर रही है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल तट के ऊपर एक वेल-मार्क्ड लो प्रेशर एरिया बना है। प्रदेश में अगले 3-4 दिन कमजोर मानसून रहेगा। 21 से 23 जुलाई तक पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन, बारिश हो सकती है। 22-23 जुलाई से राज्य के पश्चिमी और मध्य भागों में भी बारिश होने का अनुमान है।