22 अप्रैल को सामने आई महिला की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में महिला का पति ही उसका हत्यारा निकला। पुलिस ने आरोपी पति वीरेंद्र लोधी को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत दम घुटने से होना सामने आया है, जबकि गले पर दबाव और गला घोंटने के निशान भी मिले हैं। मृतका की पहचान मीरा के रूप में हुई थी। मामले की शुरुआत तब हुई जब महिला के परिजनों ने कोटा एसपी कार्यालय पहुंचकर हत्या की आशंका जताई थी। इसके बाद कोटा के रेलवे कॉलोनी थाने में जीरो नंबर एफआईआर दर्ज की गई, जिसे जांच के लिए जयपुर के प्रताप नगर थाने भेजा गया। प्रताप नगर थाना अधिकारी पूरणमल यादव ने बताया कि परिजनों ने आरोप लगाया था कि मीरा के पति ने उसकी हत्या की है और परिवार को झूठी सूचना दी गई कि महिला की तबीयत खराब होने से मौत हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच की और आरोपी वीरेंद्र लोधी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि वीरेंद्र और उसकी पत्नी मीरा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आए दिन दोनों में झगड़े होते थे। मीरा अपने पीहर जाना चाहती थी, लेकिन आरोपी पति इसके लिए मना करता था। इसी घरेलू कलह के चलते 22 अप्रैल को दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। गुस्से में आकर वीरेंद्र ने पहले पत्नी से मारपीट की और फिर चुन्नी से उसका गला घोंट दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने हैरान करने वाली साजिश रची। उसने अपने दोनों छोटे बच्चों को कार की अगली सीट पर बैठाया और पत्नी के शव को पीछे की सीट पर डालकर जयपुर से कोटा ले आया। रास्ते में ससुराल पक्ष को फोन कर कहा कि मीरा की तबीयत खराब है, डॉक्टर के पास जा रहे हैं। बाद में उसने मौत की सूचना दी और फोन उठाना बंद कर दिया। पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद परिजनों का शक सही साबित हुआ। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी जयपुर में अपने फ्लैट में रहता था और विदेश से माइनिंग पार्ट्स मंगवा कर बेचने का कारोबार करता था। फिलहाल उसके कोटा सरस्वती कॉलोनी के मकान पर ताला लगा है और परिवार के सदस्य गांव चले गए हैं। वहीं दोनों छोटे बच्चे दादा पुरुषोत्तम लोधी के पास रह रहे हैं।