जयपुर की जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी महज चार घंटे में सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतक की हत्या उसके ही भतीजे ने अपने गांव के एक साथी के साथ मिलकर की थी। हत्या के पीछे शराब पीने के दौरान हुआ विवाद और गांव की पुरानी रंजिश सामने आई है। सिर पर पत्थर से वार कर की हत्या डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि केशव नगर इलाके में एक व्यक्ति का शव मिला था, जिसकी सिर पर पत्थर से वार कर हत्या की गई थी। पहले शव की पहचान कराई गई और इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंचा गया। आरोपी बिहार भागने की फिराक में थे जांच में सामने आया कि मृतक की हत्या उसके भतीजे विकास ने अपने साथी नीतीश के साथ मिलकर की थी। दोनों आरोपी मूल रूप से मृतक के ही गांव के रहने वाले हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद और गांव की पुरानी आपसी रंजिश के चलते दोनों ने सिर पर पत्थर से वार कर ताऊ की हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी बिहार भागने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।