NEET पेपर लीक के विरोध में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही परीक्षा अनियमितताओं से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत अन्य नेताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए केंद्र सरकार पर युवाओं के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। जयपुर में मंगलवार को NEET पेपर लीक और राजस्थान समेत देशभर में भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में NSUI ने ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत पैदल विरोध मार्च निकाला। गुर्जर की थड़ी चौराहे से शुरू हुआ यह मार्च त्रिवेणी नगर चौराहे तक पहुंचा। मार्च में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, कांग्रेस विधायक रफीक खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और छात्रों की अलग-अलग मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया गया। छात्रों के भविष्य के साथ किया जा रहा खिलवाड़ पैदल मार्च के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देशभर में छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सत्ता में आने से पहले युवाओं और छात्रों से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मांगा इस्तीफा जूली ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। जूली ने कहा कि छात्रों की समस्याओं के समाधान और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर यह पैदल मार्च निकाला गया है। जयपुर से उठी छात्रों की आवाज दिल्ली तक पहुंचेगी कांग्रेस विधायक रफीक खान ने कहा कि जयपुर से उठी छात्रों की आवाज दिल्ली तक पहुंचेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे देश में युवाओं को भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं और पेपर लीक जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र अपने अधिकारों की बात करते हैं तो उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जाती है। रफीक खान ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों के समर्थन में कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और सरकार को युवाओं की चिंताओं का समाधान करना चाहिए। देशभर में छात्रों और युवाओं की आवाज बनकर आंदोलन कर रही NSUI मार्च में शामिल NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने भी केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि NSUI देशभर में छात्रों और युवाओं की आवाज बनकर आंदोलन कर रही है। यदि सरकार ने जल्द छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो देशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्र लंबे समय से पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग कर रहे हैं। NSUI के छात्रों की गूंज अभियान के तहत निकाले गए इस विरोध मार्च में कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर के साथ बीजेपी नेताओं को प्रतीकात्मक शव यात्रा को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए और भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के मामलों को लेकर विरोध जताया गया। रिद्धि-सिद्धि चौराहे से त्रिवेणी नगर तक प्रभावित रहा यातायात विरोध मार्च के कारण रिद्धि-सिद्धि चौराहे से त्रिवेणी नगर तक कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के पहुंचने से जाम की स्थिति बन गई, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर यातायात को सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं कीं और प्रदर्शन समाप्त होने के बाद यातायात सामान्य हो सका।