जयपुर में नर्सिंग ऑफिसर के पदों की भर्ती पहले की तरह बोनस अंक और मेरिट के आधार पर करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों और संविदा कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य भवन पर प्रदर्शनकारियों ने पहले धरना दिया और उसके बाद स्वास्थ्य भवन मुख्यालय के चैनल गेट पर ताला जड़ दिया। आंदोलनकारी परिसर के अंदर धरने पर बैठ गएष। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं न्यायसंगत बनाए रखने की मांग करने लगे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे पिछले कई वर्षों से अल्प वेतन पर चिकित्सा संस्थानों में सेवाएं दे रहे हैं। संविदा कर्मियों को दी गई सेवाओं के बदले भर्ती में बोनस अंक मिलता है, जो उनके लिए उचित अवसर रहा है। लेकिन वर्तमान में विभाग की ओर से परीक्षा आधारित भर्ती की योजना बनाए जाने से इन अनुभवी स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अन्याय किया जा रहा है। धरना-प्रदर्शन के दौरान राजस्थान नर्सिंग ऑफिसर यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप चौधरी, किस्मत मीणा और रामविलास मेघवाल सहित कई नर्सिंग नेताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से आग्रह किया कि नर्सिंग ऑफिसर, एएनएम एवं फार्मासिस्ट भर्ती में मेरिट के साथ-साथ 10%, 20% और 30% बोनस अंकों की व्यवस्था को पुनः लागू किया जाए, ताकि वर्षों से सेवाएं दे रहे संविदा कर्मियों के साथ न्याय सुनिश्चित हो सके।