जयपुर में IPL मैच में सट्‌टा खिलाते 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी ALL PANEL EXCHANGE एप के जरिए ग्राहकों को जोड़कर लाइव मैच पर सट्‌टा खिलवा रहे थे। जिला विशेष टीम जयपुर ईस्ट और पुलिस थाना जवाहर सर्किल ने IPL टी-20 मैच पर चल रहे ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस ने दिल्ली कैपिटल्स वर्सेज गुजरात टाइटंस मैच के दौरान सिद्धार्थ नगर जवाहर सर्किल स्थित गोकुल धाम अपार्टमेंट-2 के फ्लैट नंबर 203 पर दबिश दी। आरोपियों से 1 लैपटॉप, 1 आईपैड, 2 एंड्रॉयड मोबाइल, 2 कीपैड फोन, 1 कैलकुलेटर और 2 लाख रुपए से ज्यादा का ऑनलाइन हिसाब जब्त किया गया। डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया- क्रिकेट मैच के दौरान अवैध सट्टे लगाने की सूचना मिली। इस पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त विनोद कुमार शर्मा के सुपरविजन में जिला विशेष टीम व जवाहर सर्किल थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने फ्लैट पर रेड कर किशन मीणा (32), खालिद (24), कुशाल थदानी (30) और दिनेश (30) को बुधवार को गिरफ्तार किया। ऑनलाइन एप के जरिए जोड़ते थे ग्राहक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ALL PANEL EXCHANGE APP के जरिए ग्राहकों को जोड़कर लाइव मैच के भाव उपलब्ध कराते थे। इसके बाद ग्राहक अपनी पसंद की टीम और स्कोर पर रकम लगाते थे। हार-जीत के बाद आरोपी फोन और कैश के जरिए हिसाब निपटाते थे। इसके लिए अलग से एक व्यक्ति को सिर्फ ऑनलाइन हिसाब-किताब संभालने के लिए बैठाया गया था। पहले भी हो चुकी कार्रवाई जिला विशेष टीम जयपुर पूर्व ने IPL 2026 पर सट्टे के खिलाफ दूसरी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार- आरोपियों ने IPL शुरू होते ही सट्टा कारोबार चालू कर रखा था और शहर के कई ग्राहकों को एप के जरिए जोड़ रखा था। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना जवाहर सर्किल में मुकदमा दर्ज किया गया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है।