जयपुर वेस्ट पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पार्क और घरों के बाहर खड़ी साइकिलें चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संदीप कुमार (25) मूल: निवासी झाड़ामिर्गा, थाना सालगौनी, पश्चिम मिदनापुर, पश्चिम बंगाल और हाल निवासी : लालचंदपुरा, थाना करधनी, जयपुर है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 8 साइकिलें बरामद की हैं। आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी थाना प्रभारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर प्रकरण में चोरी की गई साइकिल सहित कुल 8 साइकिल बरामद की गईं। शूटिंग अकादमी की पार्किंग से चोरी हुई थी साइकिल पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को दर्ज मामले में परिवादी ने बताया कि उसका चचेरा भाई पीयूष 14 जून को निवारू रोड स्थित तिरुपति विहार की एक शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षण लेने गया था। उसने सुबह करीब 10 बजे अपनी साइकिल अकादमी की पार्किंग में खड़ी की थी। दोपहर करीब 12 बजे लौटने पर साइकिल गायब मिली। अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।