जोधपुर की डांगियावास थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ पकड़े गए कॉन्स्टेबल, LDC ओर जयपुर के शिकार एंड शूटर सेंटर के मालिक शमीमुद्दीन को आज कोर्ट में पेश किया। तीनों को डांगियावास थाने से पुलिस जीप से लाया गया। बता दें कि दो आरोपियों को पकड़ने के बाद पूछताछ के आधार पर पुलिस ने शूटर सेंटर और इसके मालिक के रामगंज इलाके में घर पर सर्च भी की थी। जांच में सामने आया है कि 22 बोल्ट अवैध राइफल 'मेड इन इंग्लैंड' की है। वहीं, घर से बरामद 282 कारतूसों में से कई प्रतिबंधित हैं। इसमें 303 बोर पुलिस और आर्मी उपयोग में लिया करती थी, जबकि 7.62 बोर के काफी संवेदनशील प्रतिबंधित कारतूस भी मिले हैं। इसके अलावा पुराने हथियारों में उपयोग में लिए जाने वाले कारतूस भी मिले थे। यह था मामला बता दें कि एटीएस की सूचना पर जोधपुर की डांगियावास पुलिस ने एक अप्रैल को ब्लैक कलर की क्रेटा कार पकड़ी थी। कार में जैसलमेर के सांगड़ निवासी हेड कॉन्स्टेबल अमीन खां (36) और नाचना निवासी एलडीसी वांगे खां (47) को अवैध हथियार मिलने पर अरेस्ट किया था। दोनों आरोपियों के कब्जे से 12 बोर की अवैध बंदूक, 30 कारतूस और 12 हजार रुपए नकद मिले थे। पूछताछ में सामने आया कि दोनों जोधपुर से जैसलमेर जा रहे थे। हेड कॉन्स्टेबल अमीन खां प्रदेश के पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद का गनमैन रह चुके थे। आरोपियों के पास मिली अवैध बंदूक के बारे में पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि यह 12 बोर बंदूक जयपुर के 'शिकार गन हाउस' के मालिक शमीमुद्दीन से लाए थे। शम्मीउद्दीन के पिता जहीरूद्दीन शम्मीउद्दीन ने अमीन खां को 12 बोर बंदूक देने के लिए बदले 1.20 लाख रुपए लिए थे। बदले में पुरानी 18 बोर बंदूक के सीरियल नंबर 12 बोर की बंदूक पर पंच कर दी। जहीरूद्दीन की ओर से रिकॉर्ड में यह 12 बोर बंदूक दर्ज नहीं की गई थी। टीम को यहां तलाशी के दौरान आर्मी ओर पुलिस के काम आने वाले कारतूस भी मिले थे। घर की तलाशी लेने पहुंची पुलिस, तीन घंटे चला सर्च जोधपुर में कार्रवाई के बाद जयपुर के माणक चौक थाना इलाके स्थित 'शिकार गन स्टोर' में हथियारों में हेरफेर की सूचना मिलने के बाद सिक्योरिटी एजेंसियों में हलचल मच गई। एटीएस की सूचना पर जयपुर नॉर्थ पुलिस की ओर से सर्च वारंट निकलवाया गया। रामगंज थाना पुलिस की ओर से 2 अप्रैल को 'शिकार गन हाउस' के मालिक मोहम्मद जहीरूद्दीन के घर की तलाशी ली गई। रामगंज बाजार स्थित मोहल्ला बिसायतीयान में रहने वाले 'शिकार गन हाउस' के मालिक मोहम्मद जहीरूद्दीन के घर पुलिस सर्च करने पहुंची। तीन मंजिला मकान में सर्च के लिए पुलिस के पहुंचने पर गन हाउस मालिक जहीरूद्दीन मौजूद मिले। करीब तीन घंटे चले सर्च के दौरान बाहर सीढ़ियों के पास कोने में घरेलू सामान का कबाड़ पड़ा था। यहीं पुलिस को अवैध हथियारों का जखीरा और टाइगर की खाल भी मिली थी। इस पर वन्यजीव अधिनियम में भी मामला दर्ज किया गया था। ये भी पढ़ें… कबाड़ में छिपा रखा था अवैध हथियारों का जखीरा-टाइगर खाल:बैग-पॉलिथीन में रखे थे अवैध सामान; जानिए पुलिस को कैसे हुआ शक जयपुर में आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) जब अवैध हथियारों की जांच करते हुए घर पर पहुंचा तो कबाड़ में अवैध हथियारों का जखीरा मिला। साथ ही टाइगर की खाल भी वहीं रखी थी। एटीएस और पुलिस ने रामगंज इलाके के मोहल्ला बिसायतियान स्थित मोहम्मद जहीरूद्दीन (64) की दुकान ‘शिकार गन हाउस’ और मकान पर 2 अप्रैल को कार्रवाई थी। इस दौरान दुकान मालिक जहीरूद्दीन बार-बार कबाड़ की तरफ देख रहा था। इस पर पुलिस को शक हुआ। (पूरी खबर पढ़ें)