राजधानी जयपुर में कैफे, रेस्टोरेंट और क्लब की आड़ में चल रहेअवैध हुक्का बार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। हुक्का बार पर प्रतिबंध के बावजूद युवाओं को फ्लेवर हुक्का परोसे जाने की शिकायतें पुलिस को मिली थी। पिछले कुछ दिनों में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में हुक्के, पाइप और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। वहीं, संबंधित मैनेजरों के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस की कार्रवाई में राजापार्क स्थित नाइंस बींस कैफे, अजमेर रोड स्थित ब्रूलिसियस रेस्टोरेंट एंड बार, जनपथ स्थित हैरो कैफे और जेएलएन मार्ग स्थित 3D रेस्टोरेंट एंड बार शामिल हैं। पुलिस अब ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ संबंधित एजेंसियों और नगर निगम के माध्यम से कार्रवाई कर उन्हें सीज कराने की दिशा में भी कदम उठाने की तैयारी कर रही है। राजापार्क के कैफे में हुक्का पीते मिले युवक-युवतियां 20 अक्टूबर को राजापार्क स्थित नाइंस बींस कैफे पर सीएसटी ने दबिश दी। यहां 26 युवक-युवतियां हुक्का पीते मिले। पुलिस ने मौके से 20 हुक्के और 60 पाइप जब्त किए। मामले में कैफे मैनेजर विक्रम सिंह के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। अजमेर रोड के रेस्टोरेंट से 23 हुक्के बरामद 16 अक्टूबर को विधायकपुरी थाना पुलिस और डीएसटी ने अजमेर रोड स्थित ब्रूलिसियस रेस्टोरेंट एंड बार पर कार्रवाई की। पुलिस ने मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से 23 हुक्के, 23 चिलम, 23 रबर पाइप और फ्लेवर के 20 पैकेट जब्त किए गए। जनपथ और जेएलएन मार्ग पर भी कार्रवाई 13 अक्टूबर को श्याम नगर थाना पुलिस और डीएसटी ने जनपथ स्थित हैरो कैफे पर कार्रवाई की। इस दौरान कैफे मैनेजर आफ्ताब को गिरफ्तार किया गया। वहीं, 8 अक्टूबर को जेएलएन मार्ग स्थित 3D रेस्टोरेंट एंड बार में पुलिस ने दबिश दी। यहां से मैनेजर को गिरफ्तार किया गया, जबकि हुक्का पी रहे चार लोगों के चालान किए गए। प्रतिष्ठान सीज कराने की तैयारी डीसीपी साउथ राजर्षि राज के अनुसार, ऐसे मामलों में कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस संचालकों और मैनेजरों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कर रही है। साथ ही संबंधित एजेंसियों और नगर निगम को भी कार्रवाई के लिए लिखने की रणनीति बनाई जा रही है, ताकि नियमों के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों को सीज कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। युवाओं की सेहत को लेकर भी चिंता फ्लेवर हुक्के को कई युवा दोस्तों के साथ मनोरंजन और फैशन का हिस्सा मानते हैं, लेकिन तंबाकू युक्त हुक्के में मौजूद निकोटीन और अन्य हानिकारक पदार्थ स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकते हैं। ऐसे में युवाओं को इसके नुकसान के प्रति जागरूक करने और नाबालिगों तक तंबाकू उत्पादों की पहुंच रोकने के लिए सख्ती जरूरी है। फिलहाल जयपुर पुलिस की ओर से अवैध हुक्का बार के खिलाफ कार्रवाई जारी है।